उरई में बेखौफ चोरों का तांडव, फौजी के घर डकैती से सनसनी

    उरई में बेखौफ चोरों का तांडव, फौजी के घर डकैती से सनसनी
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ उरई (जालौन) । शहर के मवई रोड स्थित जेल चौकी क्षेत्र में देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाशों ने एक फौजी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की डकैती को अंजाम दिया और परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब आठ बदमाश घर के पीछे सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे। उस समय घर में फौजी की मां, बहन और भाई मौजूद थे। बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर परिवार को बंधक बना लिया और चाबी छीनकर पूरे घर को खंगाल डाला। विरोध करने पर मां-बेटी और बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, जाते-जाते घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर सिस्टम भी उखाड़ ले गए, ताकि कोई साक्ष्य न बच सके।
घटना की सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब देश की सरहद पर तैनात जवान का परिवार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठना लाजिमी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *