होली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, खोया-पनीर व दूध के नमूने भरे
होली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, खोया-पनीर व दूध के नमूने भरे
होली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, खोया-पनीर व दूध के नमूने भरे दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ उरई जालौन- आगामी होली पर्व के मद्देनजर जनपद जालौन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाया। शासन के निर्देश तथा आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेश पर विभिन्न तहसीलों में छापेमारी कर खोया, पनीर, घी व मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने माधोगढ़ तहसील के ग्राम कुटरा स्थित एक डेयरी से पनीर का नमूना लिया। ग्राम कुसेपुरा में काशीपुर प्रसाद की खोया भट्टी से खोया, घी, मिश्रित दूध सहित दो अन्य नमूने भरे गए। वहीं कुसेपुरा रोड पर मध्य प्रदेश जा रही पिकअप वाहन (संख्या यूपी 83 एटी 0107) से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया।
इसके अतिरिक्त मोजा रतनपुर जगम्मनपुर स्थित कामधेनु डेयरी से भी मिश्रित दूध का नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार तक जनपद के विभिन्न बाजारों में जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
छापेमारी के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद मौजूद रहे।