बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
मां की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे चार भाइयों की मौत, तीन गंभीर
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर हमीरपुर। मां की अस्थियां लेकर प्रयागराज जा रहे एक ही परिवार के चार भाइयों की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए कानपुर हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह हृदयविदारक दुर्घटना हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र अंतर्गत इचौली गांव के पास हुई।
कोहरे में स्लीपर बस ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार महोबा जिले के गयोडी गांव निवासी अनुसुइया (85) का 7 दिसंबर को कैंसर के चलते निधन हो गया था। रविवार सुबह परिजन बोलेरो वाहन से अस्थियां लेकर प्रयागराज के लिए निकले थे। जैसे ही वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर इचौली गांव के पास पहुंचा, घने कोहरे के कारण पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चार की मौके पर मौत, तीन घायल
हादसे में राम सहोदर (45), घनश्याम (58), राधेश्याम (50) — तीन सगे भाई — तथा चचेरा भाई सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार सिद्धगोपाल (60), आशाराम (45) और विमल (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया।
बस चालक फरार, यात्री सुरक्षित
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें कानपुर रेफर किया गया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। हादसे के बाद टूरिस्ट बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बस में सवार गुजरात निवासी यात्रियों ने बताया कि वे चारधाम यात्रा पर जा रहे थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतक खेती-किसानी कर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते थे। घटना की खबर मिलते ही गयोडी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

