चकबन्दी समस्याओं के समाधान हेतु ग्राम चौपाल आयोजित

   चकबन्दी समस्याओं के समाधान हेतु ग्राम चौपाल आयोजित

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — चकबन्दी आयुक्त उ०प्र० के परिपत्र के अनुपालन में मुहम्मदपुर में सुनवाई, अधिकारियों ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
चकबन्दी आयुक्त उ०प्र०, लखनऊ द्वारा जारी परिपत्र संख्या-757 व 759/जी०एस०-526/2024-25 दिनांक 20 फरवरी 2026 के अनुपालन में जिलाधिकारी/जिला उप संचालक चकबन्दी हमीरपुर के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उप संचालक चकबन्दी हमीरपुर श्रीमती रिजवाना शाहिद द्वारा तहसील सरीला के ग्राम मुहम्मदपुर में चकबन्दी से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान कृषकों की चकबन्दी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम पुरैनी निवासी रफीक पुत्र फूल खां ने गाटा संख्या 326/5 में विद्यालय एवं खेल मैदान हेतु सुरक्षित भूमि को निरस्त करने की मांग रखी। वहीं बृजभान पुत्र जगत सिंह ने खाता संख्या 36 के गाटा संख्या 3 एवं 4 को चकबन्दी से बाहर किए जाने पर उनकी कीमत निर्धारित करने की मांग की।


गयादीन पुत्र श्रीपत ने प्रभुदयाल पुत्र सुद्धी के नाम संबंधी अभिलेखों में एक ही व्यक्ति के दो नाम दर्ज होने की जानकारी दी। बसीर पुत्र पहलवान ने गाटा संख्या 147 में पट्टा भूमि पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की। अन्य कृषकों ने पूर्व में किए गए पट्टों पर मौके पर कब्जा दिलाने की मांग रखी।
इसी क्रम में बंदोबस्त चकबन्दी अधिकारी श्री पैगाम हैदर द्वारा धौहल खुर्द एवं उमराहट में भी चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वादों का निस्तारण ग्राम में ही सार्वजनिक स्थान पर बैठकर, कृषकों को विश्वास में लेकर पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ किया जाए।
यह भी निर्देश दिए गए कि चकबन्दी लेखपाल प्रत्येक माह में दो बार ग्राम में उपस्थित रहेंगे तथा वरासत संबंधी प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में चकबन्दी अधिकारी सरीला श्री गजाधर सिंह, श्री मो० हनीफ पेशकार, प्रदीप कुमार चकबन्दीकर्ता, रवि पटेल चकबन्दी लेखपाल, श्रीमती निर्दोष कुमारी ग्राम प्रधान, चकबन्दी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *