फेरी लगाकर परिवार चलाने वाले के घर जीएसटी टीम का छापा

   फेरी लगाकर परिवार चलाने वाले के घर जीएसटी टीम का छापा
छह करोड़ घपले की सूचना पर आई थी जीएसटी टीम
– छापे से परिवार के अलावा दहशत में आए आस-पास के लोग
फोटो परिचय- मकान के गेट पर खड़ा फेरी लगाने वाला परिवार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर पठान मोहल्ला निवासी एक गरीब व्यक्ति के घर प्रयागराज से आई जीएसटी की टीम ने छापा मार दिया। पहले विद्युत अधिकारी और फिर अपने आपको जीएसटी विभाग का अधिकारी बताने वालों ने कहा कि उसके द्वारा जीएसटी का 6 करोड़ का घपला किया गया है। हकीकत में टीम जीएसटी की ही थी लेकिन उन्हें जो सूचना दी गई थी वह गलत निकली। जिस अंसार पुत्र गफ्फार के घर जीएसटी टीम ने छापा मारा वह अत्यंत निर्धन परिवार है। पांच भाई-बहनों का पालन पोषण उसके पिता रिक्शा चला कर करते चले आ रहे हैं। पिता के हाथ-पांव ढीले हुए तो पुत्रों ने सामान की फेरी लगा परिवार का भरण पोषण शुरू कर दिया लेकिन गत दिवस प्रयागराज से आई पांच सदस्यीय जीएसटी टीम के उसके यहां छापे से न केवल परिवार सन्न रह गया बल्कि आस-पास के लोग भी दहशत में आ गए। अंसार इंटरप्राइजेज के नाम से दर्ज नाम पता वाली फर्म में करोड़ों का खेल कौन कर रहा है यह अभी जीएसटी अधिकारियों को पता लगाना बाकीं है लेकिन जमीनी तहकीकात में अधिकारियों को यह पता चल गया कि खेल कहीं दूसरी जगह से ही हो रहा है। छापे की कार्रवाई का पूरा सजरा तैयार कर अधिकारी वापस चले गए। फार्म में जो मोबाइल नंबर अंकित किया गया है वह भी बंद मिला। अब जीएसटी अधिकारियों के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि जिस 6 करोड़ के घपले में उन्होंने छापेमारी की आखिर वह घोटाला कौन कर गया? अधिकारियों के वापस जाने के बाद परिजनों एवं मोहल्लेवासियों ने चैन की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *