आधी लागत दोगुना मुनाफा” नंदिनी डेयरी प्रोजेक्ट पर योगी सरकार दे रही

     आधी लागत दोगुना मुनाफा” नंदिनी डेयरी प्रोजेक्ट पर योगी सरकार दे रही

50% की भारी सब्सिडी, जिले में जल्द शुरू होंगी 13 ईकाइयां

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा — नंद बाबा दुग्ध मिशन से बढ़ रही श्वेत क्रांति की रफ्तार

आसान हुआ डेरी बिज़नेस बैंक लोन और सरकारी मदद से सशक्त हो रहे पशुपालक

बांदा: 11 मार्च- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में नंबर 1 बनाने और पशुपालकों की आय दोगुनी करने के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। इसी कड़ी में ‘नंद बाबा दुग्ध मिशन’ के अंतर्गत बांदा जिले में नंदिनी डेयरी और मिनी नंदिनी डेयरी योजना ने रफ़्तार पकड़ ली है। जिले में कुल 13 इकाइयों का चयन कर लिया गया है, जिसमें से दो डेयरियों का संचालन भी शुरू हो चुका है।

नंदिनी डेयरी में 62.50 लाख का प्रोजेक्ट, सरकार देगी आधा पैसा

बांदा जिले को वर्ष 2024-25 के लिए नंदिनी डेयरी योजना के तहत 7 इकाइयों का लक्ष्य मिला था। जिसमें सभी 7 लाभार्थियों का चयन पूर्ण हो चुका है। इनमें से 2 जगहों पर काम पूरा होकर संचालन शुरू हो गया है। जबकि शेष पर कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस योजना के तहत 62.50 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है, जिसमें पशुपालक को 25 देसी गायें (गीर, साहीवाल, थारपारकर या गंगातीरी) पालनी होती हैं। खास बात यह है कि योगी सरकार इसमें 50% की भारी सब्सिडी दे रही है। लाभार्थी को केवल 15% अंश लगाना होता है, जबकि 35% बैंक लोन की सुविधा दी जाती है।

मिनी नंदिनी डेयरी छोटे पशुपालकों के लिए वरदान

कम लागत में बेहतर मुनाफे के लिए योगी सरकार ने मिनी नंदिनी डेयरी योजना की शुरुआत की है। वर्ष 2024-25 में जिले को मिले 3 इकाइयों के लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। वहीं आगामी वर्ष 2025-26 के लिए भी 3 नई इकाइयों का चयन हो चुका है। जहाँ स्ट्रक्चर निर्माण का कार्य चल रहा है। मिनी डेयरी का कुल प्रोजेक्ट 23.46 लाख रुपये का है। जिसमें भी सरकार 50% सब्सिडी देकर पशुपालकों का संबल बन रही है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिवकुमार बैस ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि योगी सरकार की यह पहल पशुपालकों के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे न केवल जिले में श्वेत क्रांति आएगी बल्कि देसी नस्ल की गायों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार की इस उदार सब्सिडी नीति से अब गांव का किसान भी बड़े पैमाने पर डेयरी उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *