हमीरपुर: कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई, 94 शिकायतें प्राप्त
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में लगभग 94 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया। शेष प्रकरणों के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम (जूम एप) से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी एसडीएम, बीडीओ एवं संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित करें और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रकरणों का संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समयावधि में आख्या प्रस्तुत करें, जिससे शिकायतकर्ता को समय पर न्याय मिल सके।