दुख की घड़ी में मजबूत सहारा बनकर सामने आया मानवता परिवार

    मृतक लेखपाल के परिवार को दी तीन लाख से अधिक की सहायता
दुख की घड़ी में मजबूत सहारा बनकर सामने आया मानवता परिवार
फोटो परिचय-  मृतक लेखपाल के परिवार को आर्थिक सहायता देते मानवता परिवार के सदस्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। एकता व सहयोग की शक्ति का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मानवता परिवार के दानवीर सदस्यों ने स्वर्गीय लेखपाल महेंद्र प्रताप की मृतक नॉमिनी उर्मिला देवी के खाते में 316000 की ऐतिहासिक आर्थिक सहायता प्रदान की। यह सहयोग मात्र दो सौ रूपए प्रति सदस्य के योगदान से संभव हो पाया, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज एकजुट होता है तो असंभव भी संभव हो जाता है।
जनपद के रियाज कॉलोनी वर्मा चौराहा निवासी लेखपाल स्व. महेंद्र प्रताप के आकस्मिक निधन के पश्चात मानवता परिवार उनके परिवार के लिए एक मजबूत सहारा बनकर सामने आया। संगठन के लगभग 1500 सक्रिय सदस्यों के सहयोग से यह सहायता राशि सीधे नॉमिनी के खाते में प्रेषित की गई। संस्था के नियमों के अनुसार 90 दिनों से अधिक सदस्यता रखने वाले व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। सक्रिय सदस्य की मृत्यु की स्थिति में प्रत्येक सदस्य न्यूनतम 200 रूपए का सहयोग करता है। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना की स्थिति में इलाज हेतु एक लाख रूपए तक तथा गंभीर दुर्घटना अथवा गंभीर बीमारी की दशा में दस लाख रूपए तक का सहयोग प्रदान किए जाने का प्रावधान है। संस्थापक हिमांशु कुमार ने बताया कि इससे पूर्व भी मानवता परिवार द्वारा मृतक नॉमिनी स्वर्गीय सीताराम साहू के परिवार को 307000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस अवसर पर डायरेक्टर एवं संस्थापक हिमांशु कुमार, प्रदेश/मंडल प्रभारी अभिलाष कुमार, प्रयागराज जिला प्रभारी डॉ. दीपेश पटेल, जिला प्रभारी अरुण सिंह, असथोर ब्लॉक प्रभारी पंकज सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप सिंह अनुराग, समर परिवार के सदस्य तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *