महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा व स्वावलंबन का दिया संदेश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत शुक्रवार को जनपद में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति टीम व एंटी रोमियो स्क्वायड ने बाजारों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
टीमों ने पर्चे बांटकर बताया कि कैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन और सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया जा सकता है। साथ ही आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें महिला पावर लाइन 1090, पुलिस इमरजेंसी 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, एम्बुलेंस 108, स्वास्थ्य हेल्पलाइन 102 और सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रमुख हैं। पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को मोबाइल पर पैनिक बटन का डेमो भी दिखाया और छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया। एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति का मूल उद्देश्य न केवल महिलाओं को सुरक्षित करना है, बल्कि उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना भी है। जनपद की सभी टीमें इस अभियान को पूरी मुस्तैदी से चला रही हैं।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं-बालिकाओं ने इन योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी ली और पुलिस की इस पहल की सराहना की।
—— ——————
सोलर पंप की बुकिंग हेतु 15 दिसंबर तक खुलेगा विभागीय पोर्टल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान गहाभियान (पीएम-कुसुम) योजना वित्तीय वर्ष 2025-2026 के अन्तर्गत सोलर पम्प की बुकिंग हेतु विभागीय पोर्टल 26 नवंबर से 15 दिसंबर के मध्य खुला रहेगा। विभागीय बेवसाइट पर आनलाइन बुकिंग की जायेगी। इसलिए सोलर पम्प प्राप्त करने हेतु कृषक बेवसाइट पर अपना टोकन आनलाइन किसी भी जनसुविधा केन्द्र, लैपटाप, या अपने मोबाइल से बुक कर सकते है।
योजना का लाभ उठाने हेतु कृषकों का विभागीय बेवसाइट पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। कृषकों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जायेगा। कृषकों को ऑनलाइन बुकिंग के साथ 5000 रूपए टोकन मनी के रूप में ऑनलाइन जमा करना होगा। ऑनलाइन टोकन जनरेट करने के उपरान्त कृषक को ऑनलाइन व चालान के माध्यम से कृषक अंश की धनराशि एक सप्ताह के अन्दर इंडियन बैंक की शाखा में जमा करनी होगी, अन्यथा कृषक का चयन स्वतः निरस्त हो जायेगा और टोकन मनी की धनराशि जब्त कर ली जायेगी। 02 एचपी हेतु 4 इंच, 03 एवं 05 एचपी हेतु 6 इंच तथा 7.5 एवं 10 एचपी हेतु 8 इंच की बोरिंग होना अनिवार्य है। बोरिंग कृषक की स्वयं की होगी। सत्यापन के समय उपयुक्त बोरिंग न पाये जाने पर टोकन मनी की धनराशि जब्त कर ली जायेगी एवं आवेदन निरस्त हो जायेगा। 22 फीट तक 2 एचपी सर्फेस, 50 फीट तक 2 एचपी सबमर्सिबल, 150 फीट तक 3 एचपी सबमर्सिबल, 200 फीट तक 5 एचपी सबमसिंबल, 300 फीट तक गहराई पर उपलब्ध जल स्तर हेतु 7.5 एचपी तथा 10 एचपी सबमर्सिबल सोलर पम्प उपयुक्त होते है।
———–—————–
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ — रामपुर थरियांव गौआश्रय स्थल में 328 गौवंश संरक्षित
– ग्राम विकास अधिकारी की उदासीनता से अधिकांश गौवंश कुपोषित
– बीमार पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करना करें सुनिश्चित
फतेहपुर। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि विकास खंड हसवा के रामपुर थरियांव गौ आश्रय स्थल में कुल 328 गौवंश संरक्षित है। निरीक्षण के दौरान गौशाला में 50 कुंतल भूसा, 10 बोरी चोकर एवं 30 कु० पराली भण्डारित पाया गया। जनपद में उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार नैपियर बुआई का क्षेत्रफल बढ़ाने हेतु निर्देशित किया जाता रहा है किन्तु उक्त के सन्दर्भ में ग्रा०वि०अ० द्वारा आदेशों के प्रति उदासीनता बरती गयी है जिसके फलस्वरूप गौ-आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंशों को हर समय मानक के अनुसार हराचारा देना संभव नहीं हो सका। जिसके कारण अधिकाश गौवश कुपोषित पाये गये। गौशाला में 07 गौपालक व 01 रात्रि चौकीदार है जिनके द्वारा प्रतिदिन गौशाला में साफ-सफाई की जाती है। सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील पाये गये एवं ग्रा०वि० 50 को निर्देशित किया गया कि विगत 15 दिवस की सीसीटीवी फुटेज व हरा चारा रजिस्टर, पशुआहार रजिस्टर व कैशबुक प्रस्तुत करें जिसके क्रम में सम्बन्धित ने एक दिवस का समय मांगा था, किन्तु 27 नवंबर सांय तक उक्त फुटेज व अभिलेख प्रस्तुत नहीं किये गये है। निरीक्षण के समय गौ-आश्रय स्थल से सम्बन्धित अभिलेखो में केवल निरीक्षण पंजिका व लॉग बुक प्रस्तुत की गयी। शीत ऋतु से गाँवंको को ठण्ड से बचाव हेतु काऊकोट अभी निर्मित नही है। गौआश्रय रथल में दान से दो ट्रॉली पराली प्राप्त हुई है। ग्राम प्रधान द्वारा अवगत कराया गया कि गौवंशो के भरण-पोषण हेतु 3.5 बीघा नैपियर व 40 बीघा बरसीम की बुआई की गयी है एवं अतिरिक्त 15 बीघा, बरसीन बुआई हेतु शेष है। बीमार गौवंशो के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 24 नवंबर को एक गौवंश की मृत्यु घायल होने से पशुचिकित्साधिकारी द्वारा इलाज के दौरान व एक गौवंश की मृत्यु स्वाभाविक रूप से हुयी है। 25 नवंबर को भी एक गौवंश की इलाज के उपरांत स्वाभाविक मृत्यु हुयी है। अन्य दो गौवशो का ईलाज चिकित्सा कक्ष में पशुचिकित्साधिकारी के संरक्षण में किया जा रहा है। पशुचिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि विगत 15 दिवस के निरीक्षण प्रस्तुत करें जिसका अवलोकन करने पर पाया गया कि पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 14, 25, 27 अक्टूबर एवं 08, 10, 18 एवं 21 नवंबर को गौ आश्रय स्थल का भ्रमण कर बीमार पशुओं की चिकित्सा की गयी एवं निरीक्षण पंजिका में हराचारा उपलब्ध होने का भी उल्लेख किया था। पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि गौ आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंशो का नियमित स्वास्थ्य परिक्षण करते हुए देखभाल करना सुनिश्चित करे। ग्राम सचिव को निर्देशित किया गया कि गौवंशो को पर्याप्त मात्रा में हराचारा, मूसा व पशुआहार दिया जाये एवं गौशाला का नियमित भ्रमण करते हुए ग्राम प्रधान के सहयोग से संरक्षित गौवंशो की देखभाल हेतु समुचित व्यवस्थायें सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति न उत्पन्न हों। निरीक्षण पंजिका का अवलोकन करने पर पाया गया कि खण्ड विकास अधिकारी व एडीओ पचायत द्वारा विगत 15 दिवस में गो-आश्रय स्थल का कोई भी निरीक्षण नहीं किया गया है। निष्कर्ष निरीक्षणोपरांत पाया गया कि ग्रा०वि०अ० व ग्राम प्रधान को लगातार निर्देशित करने के बावजूद संरक्षित गौवंशो के भरण-पोषण हेतु पर्याप्त मात्रा में हराचारा, दाना व भूसा नहीं दिया जा रहा है जिसके कारण गौवंश कमजोर व कुपोषित है। इससे ग्रा०वि०अ० की लापरवाही प्रतीत होती है जो कि इनके कार्य के प्रति लापरवाही का द्योतक है। पशुचिकित्साधिकारी द्वारा बीमार गौवंशो की सघनता से चिकित्सा नहीं की गयी है जिससे पशुचिकित्साधिकारी की लापरवाही प्रतीत होती है। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी हसवा, पशु चित्कित्साधिकारी थरियांव, ग्रा०वि०अ० एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
————— ——–
बंदर के हमले से महिला सीढ़ियों से गिरकर घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली ग़ांव में छत से उतर रही 45 वर्षीय महिला के ऊपर बंदर ने अचानक हमला बोल दिया। महिला नीचे गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गई। सिर हाथ पैर में चोटे आई है।
जानकारी के अनुसार सरौली ग़ांव निवासी गीता 45 वर्षीय पत्नी रमेश चन्द्र किसी काम से छत पर गई थी, काम खत्म करके वह नीचे उतर रही थी, तभी सीढ़ियों के ऊपर अचानक उस पर एक बंदर ने हमला बोल दिया, बचाव करते समय महिला अनियंत्रित होकर सीढ़ियों से गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गई, जिसको स्वजन आनन फानन इलाज के लिए सरकारी एम्बुलेंस से नजदीक के हरदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने घायल महिला की नाजुक हालत को देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने महिला की हालत सामान्य बताई है।
———- ——————–
राजस्व कर्मी की मौत पर लेखपाल हड़ताल पर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। तहसील बिंदकी के लेखपाल सुधीर की मौत से विभागीय कर्मचारियों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। पूरे जनपद के लेखपाल जनपद मुख्यालय में एकजुट हुए और न्याय व सहायता की मांग उठाई। लेखपाल संघ, तहसील खागा इकाई के अध्यक्ष विपिन सिंह यादव ने बताया कि मृतक लेखपाल सुधीर के परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना जरूरी है, ताकि दुःख की इस घड़ी में उनका जीवन यापन प्रभावित न हो। उन्होंने सरकार से मृतक आश्रितों को पचास लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की।
विपिन सिंह यादव ने यह भी बताया कि वर्तमान में दर्ज एफआईआर अज्ञात में की गई है, जिसे नामजद किया जाए, ताकि वास्तविक आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई हो सके। साथ ही उन्होंने शासन से मृतक के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी, जिससे परिवार के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। घटना के विरोध में आज जनपद के सभी लेखपालों ने खागा तहसील में उपस्थिति दर्ज कराते हुए मृतक के प्रति श्रद्धांजलि दी और न्याय दिलाए जाने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। संघ ने कहा कि यदि मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
——– ———————
वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुरियानी के समीप गुरूवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 35 वर्षीय स्कूटी सवार की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के रामाअग्रहरी गली नीम भवानी निवासी स्व0 अनिल कुमार त्रिवेदी का पुत्र चन्द्रशेखर गुरूवार की रात लगभग 8 बजे रिश्तेदारी से वापस आ तभी चुरियानी गांव के समीप पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
—————— ———-
ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत में दोनों वाहन पलटे, दो चालक घायल
– कानपुर की तरफ से दोनों आ रहे थे ट्रेलर ट्रक
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शुक्रवार सुबह कानपुर की ओर से आ रहे दो ट्रेलर ट्रक आपस में टकराकर पलट गये। गोपालगंज के एनसीसी कैडेटों की मदद से ट्रक खाली कराए गए। इस बीच कुछ देर के लिए हाइवे बाधित रहा। पुलिस ने दोनों ट्रकों के तीन चालकों को पीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया। जिन्हें डाक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
कानपुर प्रयागराज हाइवे पर मुरादीपुर ओवरब्रिज के पास कानपुर से फतेहपुर की ओर साइड पर शुक्रवार सुबह ट्रेलर ट्रक कानपुर की ओर से आ रहे थे। तभी आगे चल रहा धान लदा ट्रेलर ट्रक सर्विस की ओर मोड़ दिया। जिससे पीछे आ रहा ट्रेलर ट्रक जिसमें नगर निगम का कूड़ा लोड था वह पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक मौके पर पलट गये। ट्रक पलटते ही अफरा तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस के पहुंचते ही दोनों ट्रकों के चालकों को केबिन से निकाला गया। चालकों में हिमांशु 25 निवासी रसूलाबाद कानपुर देहात, हरिशंकर 45 निवासी सातनपुर लालगंज बैसवारा रायबरेली, श्याम सिंह 42 निवासी ग्राम पतारा थाना हुसेनगंज को पीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया गया। जहां से डाक्टरों ने तीनों घायलों को सदर रेफर कर दिया। सर्वाेदय इंटर कालेज गोपालगंज में एन.सी.सी. कैडिटों की परेड होने के कारण सभी एन.सी.सी. कैडिट मदद के लिए पहुंचे और ट्रक में लदे बोरों को हटाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनो को हाइवे से हटवाया और सुचारू रूप से आवागमन चालू कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि घटना में चालकों को छोड़कर और कोई घायल नहीं हुआ है। बड़ा हादसा टल गया। वरना ट्रक पलटने की चपेट में आने से कोई बड़ी घटना हो सकती थी।
————- ——
मां ने डाटा तो खाया जहर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम ललापुर में मां डाट से क्षुब्ध 14 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार लालपुर गांव निवासी स्व0 केशन लाल की पुत्री प्रिंशी ने मां द्वारा डाट देने पर गुस्से में आकर जहर खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे ई-रिक्शा द्वारा ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने किशोरी की हालत चिन्ताजनक देखते हुये कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।

