मोदहा में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़

   मोदहा में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर —-  मोदहा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गैस आपूर्ति अनियमित बनी हुई है, जिसके कारण अचानक मांग बढ़ गई है। सुबह होते ही महिलाएं और पुरुष गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी सभी को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की कमी के चलते घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई परिवारों को मजबूरन वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, बुजुर्गों और महिलाओं को लंबी कतारों में खड़े होने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले में संबंधित गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सप्लाई में देरी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इधर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारु कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *