एक भी घुसपैठिया न मिलने पर लखनऊ मेयर मांगें माफ़ी, दें इस्तीफ़ा- शाहनवाज़

  एक भी घुसपैठिया नहीं मिलने पर लखनऊ मेयर मांगें माफ़ी, दें इस्तीफ़ा- शाहनवाज़ आलम

 सुषमा खर्कवाल, बृजलाल और अपर्णा यादव के ख़िलाफ़ अफ़वाह फैलाने के आरोप में बीएनएस की धारा 196 के तहत एफआईआर दर्ज करे सरकार

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ लखनऊ— 9 फरवरी 2026. कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज़ आलम ने सरकार के दावे के विपरीत लखनऊ में एक भी कथित घुसपैठिया, रोहंगिया और बांग्लादेशी नहीं मिलने पर लखनऊ की मेयर सुषमा खरकवाल से सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगने और इस्तीफ़ा देने की मांग की है.

शाहनवाज़ आलम ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले साल दिसंबर में मेयर ने लखनऊ में रह रहे असम के बांग्लाभाषी लोगों को बांग्लादेशी और रोहंगिया घुसपैठिया बताया था. जिसके बाद पुलिस और एलआईयू से कथित घुसपैठियों की जांच भी करवायी थी. लेकिन अब लखनऊ जॉइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने जांच के बाद स्वीकार किया है कि पूरे लखनऊ में एक भी घुसपैठिया बांग्लादेशी और रोहंगिया नहीं मिला है. सारे ही बांग्लाभाषी लोग असम के रहने वाले हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले साल 7 दिसंबर को उन्होंने लखनऊ कांग्रेस शहर अध्यक्ष शहज़ाद आलम और अन्य नेताओं के साथ थाना गुडंबा स्थित फूलबाग झुग्गी बस्ती का दौरा किया था जहाँ के बांग्लाभाषी लोगों को मेयर ने घुसपैठिया बताते हुए उनके पचास से ज़्यादा ठेले उठवा लिये थे. मेयर ने तब उनके असम की नागरिकता साबित करने वाले कागज़ों को फर्जी भी बताया था.

शाहनवाज़ आलम ने कहा कि अपने ही देश के लोगों को विदेशी कहकर अपमानित करना और उनके ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाना एक भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के तहत आपराधिक कृत्य है. इसलिए प्रदेश सरकार को चाहिए कि लखनऊ में बांग्लादेशी और रोहंगिया घुसपैठियों की अफवाह फैलाने वाले राज्यसभा सांसद बृजलाल, लखनऊ मेयर सुषमा खरकवाल और अपर्णा यादव के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कराए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *