खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 3 मशीनें जब्त,15 लाख जुर्माना
खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 3 मशीनें जब्त,15 लाख जुर्माना
जालौन में खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 3 मशीनें जब्त, 15 लाख जुर्माना दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। तहसील कालपी क्षेत्र के केहटा (हमीरपुर मार्ग) में चल रही खदानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित मशीनों को जब्त किया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के सख्त निर्देश पर जिला टास्क फोर्स टीम ने खंड संख्या 01, 02 एवं 04 में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मशीनों से खनन करते हुए 3 लिप्टर मशीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान संचालकों ने मशीनों को हमीरपुर की ओर भगाने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी के चलते सभी मशीनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
प्रशासन को यह सफलता ड्रोन और एआई कैमरों की निगरानी से मिली, जहां कंट्रोल रूम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तुरंत टीम को मौके पर भेजा गया।
इस मामले में संबंधित खंड संचालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही दोषियों पर कुल 15 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
इसके अलावा खनन पट्टा निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में प्रतिबंधित मशीनों से खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।