कालपी में कागज गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन कालपी– कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर इलाके में स्थित एक कागज (गत्ता) गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखा लगभग 13 से 14 लाख रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।