22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर

    22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई,  — मा० राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन के संबंध में दीवानी न्यायालय उरई में एक समन्वय बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं जेल अधीक्षक, जिला कारागार उरई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन की सचिव (पूर्णकालिक) श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि मा० राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के विधिक सशक्तीकरण तथा शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ जनसामान्य तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस शिविर में जनपद के समस्त विभागों द्वारा संचालित प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चिन्हित कर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अलग-अलग कैम्प लगाए जाएंगे, ताकि जनसामान्य को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
बैठक में सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की सूची अविलम्ब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। उपस्थित अधिकारियों ने मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में जेल अधीक्षक जिला कारागार उरई श्री नीरज देव, जिला कृषि अधिकारी श्री गौरव यादव तथा जिला उद्यान विभाग के प्रतिनिधि श्री विवेक कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *