मिशन शक्ति 5.0 का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
मिशन शक्ति 5.0 का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
जालौन में मिशन शक्ति 5.0 का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 (चरण-2) के तहत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल एक उद्देश्य नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन प्रमुख हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता, महिला हेल्पलाइन सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था तथा त्वरित शिकायत निस्तारण शामिल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे निडर होकर हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 का उपयोग करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस हर समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है और अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेविकाएं एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।