मनरेगा घोटाला: विजयीपुर में 35 लाख का गबन,अन्य लघु खबरों के साथ

   मनरेगा घोटाला: विजयीपुर में 35  लाख का गबन
लोकपाल ने दी मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। विकास खण्ड विजयीपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत विजयीपुर (एकौरा) में मनरेगा योजना के नाम पर करोड़ों रुपये के बंदरबांट का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। लोकपाल मनरेगा द्वारा की गई गहन जाँच में प्रथम दृष्टया लगभग 35 लाख रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। लोकपाल ने अपनी रिपोर्ट में दोषी ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और गबन की गई धनराशि की वसूली करने की कड़ी संस्तुति की है।
शिकायतकर्ता प्रियेन्द्र प्रताप सिंह की शिकायत पर लोकपाल राजबहादुर यादव ने तकनीकी टीम के साथ मौके पर जांच की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि ग्राम पंचायत स्तर पर बिना कार्य कराए ही कूटरचित और फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी धन निकाल लिया गया। मस्टर रोल पर सक्षम अधिकारियों के हस्ताक्षर न होने के बावजूद कंप्यूटर ऑपरेटरों की मिलीभगत से डेटा फीडिंग कराई गई और भुगतान प्राप्त कर लिया गया। लोकपाल ने अपनी आख्या में इसे स्पष्ट रूप से सरकारी धन का अपहरण करार दिया है। जांच रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई न होने का फायदा उठाते हुए ग्राम प्रधान पर साक्ष्य मिटाने के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने साक्ष्यों के साथ अवगत कराया है कि अबरार के खेत से बबलू के खेत तक कराए गए जिस कार्य की जाँच लोकपाल ने की थी, वहां अब जेसीबी मशीन की सहायता से मिट्टी निकलवाकर उसे नया कार्य दिखाने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में जीपीएस युक्त फोटो भी उच्चाधिकारियों को साक्ष्य के रूप में भेजे गए हैं। लोकपाल की जाँच आख्या में विकास खण्ड स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बिना विभाग की अनुमति के कार्य कराए गए और अपात्र व्यक्तियों को व्यक्तिगत लाभ पहुँचाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया। लोकपाल ने दोषी ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मचारियों और विकास खण्ड के उत्तरदायी अधिकारियों के विरुद्ध मनरेगा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दण्डात्मक और विधिक कार्यवाही की प्रबल सिफारिश की है। इस पूरे प्रकरण की जाँच रिपोर्ट 10 फरवरी को ईमेल और डाक के माध्यम से अपर आयुक्त (ग्राम्य विकास) लखनऊ, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भेजी जा चुकी है। शिकायतकर्ता प्रियेन्द्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि यदि लोकपाल की संस्तुति के आधार पर दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्रशासनिक और दण्डात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे न्याय के लिए माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे।
————————————- 
  अज्ञात वृद्ध का शव बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बुधवार को गाजीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा दरौली में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक बाग में लगभग 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और शव को पोस्टमार्टम में रखा उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
—————————————- 
   सेप्टिक टैंक में डूबकर भाई-बहन की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पड़ोसी के सेप्टिक टैंक से सगे भाई-बहन के शव बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजेश की सात वर्षीय पुत्री शिवंशी और पांच वर्षीय पुत्र सुंदरम उर्फ शत्रुघन मंगलवार शाम अचानक लापता हो गए थे। बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। देर शाम पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि दोनों बच्चे उसके घर के पास बने सेप्टिक टैंक में पड़े हैं। यह खबर मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को टैंक से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक बच्चों की मां सुशीला देवी ने बताया कि वह पानी भरने गई थीं और दोनों बच्चे भी साथ थे। किसी बात पर उन्होंने बच्चों को डांटकर घर जाने के लिए भेज दिया था, लेकिन जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। परिजनों का कहना है कि जहां से शव मिले, वह स्थान उनके कच्चे मकान से करीब 30 मीटर की दूरी पर स्थित है। परिवार में कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें शिवंशी और सुंदरम सबसे छोटे थे। बच्चों की बुआ आरती ने आशंका जताई कि पानी भरते समय दोनों दुर्घटनावश टैंक में गिर गए होंगे या फिर किसी ने उन्हें नुकसान पहुंचाकर वहां फेंक दिया हो। पुलिस ने दोनो शवों का अपने कब्जे में लेते हुये विच्छेदन के लिए भेज दिया है।
———————————— 
 आत्मग्लानि के चलते युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
– पुलिस समय पर कार्यवाही करती तो न उठाना पड़ता ये कदम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम औरेई में मंगलवार की दोपहर 18 वर्षीय युवती ने घर में फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं युवती द्वारा की गयी घटना पर परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार औरेई गांव निवासी बसन्त लाल की पुत्री खुशबू देवी ने मंगलवार की दोपहर घर के अन्दर फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। सचूना पाकर मौके में पहंुची पुलिस ने शव को अपने कब्जे मंे लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के परिजनों ने बताया कि 15 फरवरी को घर के बाहर खुशबू व उसकी भाभी सविता बर्तन मांज रही थी। जिसका पानी पड़ोस में रहने वाले राजा के घर की तरफ चला गया। जिस पर राजा राकेश आदित्य अन्जू ने खुशबू व उसकी भाभी को घर से घसीट कर बुरी तरह लाठी डन्डो से पीट दिया था। उधर पीड़ित परिवार थाने पहुंचा तो पुलिस ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय गाली गलौज कर थाने से भगा दिया। तीन दिन तक जब पुलिस ने पीड़ित की नहीं सुनी तो आत्मग्लानी के चलते उसकी पुत्री ने फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर जब इस बात की खबर गांव मंे फेली तो पुलिस तत्काल कार्यवाही पर जुट गयी। पुलिस कार्यवाही समय पर कर लेती तो तो एक बेगुनाह की जान बच जाती। वहीं पुलिस ने राजा नामक एक युवक को पूंछतांछ के लिए हिरासत में लिया है।
———————————– 
युवक ने किया जान देने का प्रयास
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर खलीलनगर में बीमारी से तंग 30 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार आबूनगर खलीलनगर मोहल्ला निवासी स्व0 केशन पाल का पुत्र महेन्द्र पाल कैंसर बीमारी से पीड़ित है। काफी इलाज कराया गया। कोई फायदा न मिलने पर तंग आकर बुधवार की सुबह उसने जहर खा लिया कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *