मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों ने काली पट्टी बांध जताया विरोध

  मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों ने काली पट्टी बांध जताया विरोध
बीडीओ के माध्यम से डीएम समेत अधिकारियों को भेजा ज्ञापन
फोटो परिचय- बीडीओ को ज्ञापन सौंपते मनरेगा कार्मिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बहुआ विकास खण्ड में कार्यरत मनरेगा कर्मियों ने कई महीनों से मानदेय न मिलने को लेकर काली पट्टी बांधकर गहरा रोष व्यक्त किया। कर्मियों ने बीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी व संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय और ईपीएफ भुगतान शीघ्र कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम रोजगार सेवक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी विभाग के निर्देशों के अनुरूप लगातार कार्य कर रहे हैं और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही एसआईआर, क्रॉप सर्वे समेत अन्य सरकारी कार्यों में भी उन्होंने पूरा सहयोग दिया है। कर्मियों का कहना है कि इसके बावजूद उन्हें जुलाई 2025 से अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है और ईपीएफ की देयता भी लंबे समय से लंबित है। दीपावली पर वेतन नहीं मिल सका और अब होली पर भी भुगतान न होने से कर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिससे उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मानदेय न मिलने की समस्या प्रदेश के अन्य जिलों में भी है, जिसके कारण कुछ स्थानों पर ग्राम रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायकों द्वारा आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। कर्मियों ने इसे संविधान के अनुच्छेद 21 में वर्णित जीवन के अधिकार के विपरीत बताया है। बताया गया कि 23 फरवरी को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में रोजगार गारंटी आयुक्त से मिलकर भी इस समस्या से अवगत कराया था। वहीं सरकार द्वारा मनरेगा में सर्वाधिक मानव दिवस सृजित करने की सराहना किए जाने के बावजूद कर्मचारियों को मानदेय और ईपीएफ भुगतान न होना वित्तीय अनियमितता की ओर संकेत करता है। मनरेगा कर्मचारियों ने अधिकारियों से मांग की है कि जनपद के सभी कर्मियों का लंबित मानदेय और ईपीएफ भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके। इस मौके पर राकेश तिवारी, महेन्द्र कुमार, कृष्ण कुमार, वैभव गुप्ता, धीरेन्द्र पाण्डेय, जयशंकर तिवारी, अशोक कुमार, देवानंद सिंह कुशवाहा, नीरज कुमार, राजेश कुमार, नंद किशोर, अबरार खां, विजय बहादुर, संदीप कुमार वर्मा, हरीशंकर, रामजी, जयकरन, लक्ष्मण सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, राम सिंह, परवेज सिद्दीकी, मो0 फिरोज खान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *