पचास हजार का इनामी हत्यारा मुठभेड़ में गिरफ्तार

   पचास हजार का इनामी हत्यारा मुठभेड़ में गिरफ्तार
– दोनों पैर में लगी गोली, अस्पताल में कराया भर्ती
– तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस भी बरामद
फोटो परिचय-  घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी व इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित पचास हजार रुपये के इनामी अपराधी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सोनू यादव उर्फ अनूप निवासी ग्राम कौडेरवा, थाना कोतवाली है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 24 मार्च को कौडेरवा गांव में मिथलेश 32 वर्ष की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका के पति जयसिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही सह-अभियुक्त शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू यादव फरार चल रहा था, जिस पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम को दो अप्रैल की रात सूचना मिली कि आरोपी चौफेरवा एनटीपीसी पावर हाउस के सामने जंगल में छिपा है। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी की, तभी आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए। इस मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास काफी गंभीर रहा है। इस सफलता में कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा, इंटेलीजेंस विंग के उपनिरीक्षक विनोद मिश्रा व एसओजी उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह की टीमों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *