बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर कालपी में नगर पदयात्रा निकाली गई
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — बुंदेलखंड को पृथक राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को कालपी नगर में मानव शक्ति पार्टी द्वारा नगर पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा लगभग 40 किलोमीटर की है, जो कालपी से उरई के लिए प्रस्थान की गई।
पदयात्रा का उद्देश्य बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को जन-जन की आवाज बनाकर शासन तक पहुंचाना है। पदयात्रा के दौरान “जन-जन की आवाज बनेंगे, सबको साथ लेकर चलेंगे” तथा “बुंदेलखंड राज्य बनाएंगे, जनता को न्याय दिलाएंगे” जैसे नारों से नगर गूंज उठा।
मानव शक्ति पार्टी के संयोजक मोहित यादव ने बताया कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाए जाने से क्षेत्र को अनेक लाभ मिलेंगे। बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी। बुंदेलखंड में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग स्थानीय जनता के हित में किया जा सकेगा। औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा, पलायन रुकेगा, कृषि संकट दूर होगा तथा जल संसाधनों में वृद्धि होगी। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्वास्थ्य एवं शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक सर्व-संपन्न राज्य बन सकता है।
पदयात्रा की शुरुआत कालपी के दुर्गा मंदिर से हुई, जो कालपी कोतवाली, स्टेशन मार्ग, अल्तमश चौराहा होते हुए नगर भ्रमण के पश्चात उरई के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर उन्होंने आम जनता से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
