राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान जारी, हस्तलिखित ग्रंथ कराएं जमा

     राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान जारी, हस्तलिखित ग्रंथ कराएं जमा
– भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ज्ञान भारतम् मिशन हुआ प्रारंभ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने बताया कि ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान का प्रभावी कार्यान्वयन किया जा रहा है। जिसमें समृद्ध ज्ञान परम्परा, सांस्कृतिक धरोहर एवं बौद्धिक विकास के महत्वपूर्ण साक्ष्य, प्रचीन पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों एवं दुर्लभ अभिलेखों का संरक्षण करने एवं उन्हें सुरक्षित रूप से भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन प्रारम्भ किया गया है। प्राचीन ज्ञान दर्शन, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सदैव तत्पर उत्तर प्रदेश सरकार एवं केन्द्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अग्रणी भूमिका के निर्वहन हेतु मिशन के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग हेतु संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन भी हस्ताक्षरित किया गया है। ज्ञान भारतम् मिशन के अन्तर्गत पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों, दुर्लभ ग्रन्थों आदि के संस्थागत संग्रह केन्द्रों एवं व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं के चिन्हीकरण एवं सूचीकरण हेतु निर्देश दिए गए है।


उन्होंने बताया कि प्राचीन पाण्डुलिपियां, ताड़पत्र एवं दुर्लभ अभिलेख हमारी समृद्ध ज्ञान परम्परा, सांस्कृतिक विरासत और बौद्धिक चेतना के अमूल्य साक्ष्य हैं। इन पाण्डुलिपियों एवं ग्रन्थों आदि का संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों तक हस्तान्तरण हमारा सामूहिक दायित्व है। भारत की समृद्ध ज्ञान परम्परा और बौद्धिक विरासत को पुनर्जीवित करने की भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय पहल है। इस मिशन के अन्तर्गत देश भर में उपलब्ध भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़ी पाण्डुलिपियों एवं दुर्लभग्रन्थों आदि का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण किया जा रहा है, ताकि यह धरोहर शोधार्थियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सके। उत्तर प्रदेश जो प्राचीन ज्ञान दर्शन, साहित्य और संस्कृति की भूमि रहा है, इस अभियान में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रश्नगत मिशन विकसित भारत 2047 के अन्तर्गत डिजिटल इण्डिया के दृष्टिकोण और विरासत और विकास के राष्ट्रीय संकल्प से आच्छादित है। प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, मठों, मन्दिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों व व्यक्तियों आदि के पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों, हस्तलिखित ग्रन्थों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटालॉगिंग, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जाना है, जिससे डिजिटाइज्ड पाण्डुलिपियों को ज्ञान भारतम् पोर्टल के माध्यम से आम जन को उपलब्ध कराया जा सके। यदि जनपद के किसी महानुभाव के पास ऐसी पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथ आदि हो तो वह जिला सूचना कार्यालय विकास भवन में जमा कर सकते है। इससे संबंधित जानकारी हेतु सूचना अधिकारी के मोबाइल नंबर 9453005382 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
—————————————— 


 बीमारी से तंग वृद्धा ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदाबाद टिकरी में बीमारी से तंग 75 वर्षीय वृद्ध महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद टिकरी गांव निवासी स्व0 शिवनायक की पत्नी संपतिया काफी समय से बीमार चल रही थी। काफी इलाज कराने पर जब कोई फायदा न मिला तो शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे घर के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के परिवार के राकेश कुमार ने दी है।
—————————————– 


 संदिग्ध हालत में महिला ने लगाई फांसी
– ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– किशनपुर थाना क्षेत्र के शिवबंसपुर रारी में गुरूवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के चाचा ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को पूछताछ हेतु हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार शिवबंसपुर रारी गांव निवासी सुजीत कुमार की पत्नी आरती देवी ने गुरूवार की शाम संदिग्ध अवस्था में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के चाचा सुरेन्द्र कुमार निवासी महेवा घाट थाना जनपद कौशांबी ने बताया कि उसकी भतीजी की शादी तीस नवंबर 2020 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में मोटरसाइकिल व पचास हजार रूपए की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर पति, ससुर व देवर ने मिलकर उसकी भतीजी को मारापीटा और हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
—————————————— 


ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिलखिनी के समीप शुक्रवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से 38 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी मो0 सुभान का पुत्र मो0 इरफान बाइक से शहर आ रहा था। जब वह पिलखिनी गांव के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
—————————————— 


 महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवारा में शुक्रवार की दोपहर घरेलू कलह के चलते 31 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार बेलवारा गांव निवासी ओम प्रकाश की पत्नी निधि देवी ने शुक्रवार की दोपहर घरेलू कलह के चलते जहर खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *