नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा, जल संरक्षण विचार नहीं, सामाजिक दायित्व – प्रवीण

     परिषद के लिए गौरव, नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा — अक्षय त्रिपाठी

       जल संरक्षण केवल विचार नहीं, सामाजिक दायित्व है — प्रवीण पांडेय
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा नगर– जल–पर्यावरण संरक्षण पर आधारित चर्चित पुस्तक “जलनिधियों को जीने दो” के लेखक, प्रसिद्ध जल–पर्यावरण लेखक एवं पर्यावरण पहरूवा श्री प्रवीण पांडेय को राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, रुड़की द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह संस्थान जल शक्ति मंत्रालय (जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग), भारत सरकार द्वारा संचालित तकनीकी पुस्तक लेखन पुरस्कार योजना के अंतर्गत कार्य करता है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार 26 जनवरी 2026 को प्रदान किया गया। पुस्तक का प्रकाशन प्रवासी प्रेम पब्लिशिंग द्वारा किया गया है।
इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण देखने को मिला। खागा नगर स्थित अक्षय डिजिटल लाइब्रेरी में परिषद के विभाग संयोजक अक्षय त्रिपाठी के नेतृत्व में विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा माला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर अपने ज्येष्ठ कार्यकर्ता श्री प्रवीण पांडेय का भव्य अभिनंदन किया गया।


परिषद के लिए गर्व का क्षण
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि
“यह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि परिषद का एक ज्येष्ठ कार्यकर्ता अपने शोध, लेखन और वैचारिक प्रतिबद्धता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। श्री पांडेय की यह उपलब्धि परिषद की नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।”
उन्होंने कहा कि यह सम्मान युवाओं को समाज, जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की दिशा में प्रेरित करेगा।
जलनिधियों की रक्षा सामाजिक दायित्व
अभिनंदन के उपरांत प्रवीण पांडेय (पर्यावरण पहरूवा) ने परिषद के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
“जलनिधियों का संरक्षण केवल लेखन या विमर्श का विषय नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ सामाजिक दायित्व है।”
उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प दिलाया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उपस्थित कार्यकर्ता
इस अवसर पर परिषद के कार्यकर्ता रूप अक्षत, राहुल, राजकुमार, उदय, रवि सिंह, शुभम पटेल, आयुष, पंकज सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *