ऑपरेशन कन्विक्शन: हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास
ऑपरेशन कन्विक्शन: हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास
प्रशासन ने रूकवाया अवैध कब्जा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– नगर पंचायत क्षेत्र के नौबस्ता रोड नहर के बगल में स्थित सरकारी गौचर जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण की सूचना पर खागा नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय, राजस्व टीम में नायब तहसीलदार अरविंद कुमार व पुलिस बल के साथ पहुंच कर निर्माण कार्य को रुकवाते हुए नाप करवाई। इसी गौचर जमीन को पूर्व में रहे अधिशाषी अधिकारी ने इस पर मिट्टी की पुराई करवाकर पेड़ आदि लगवाकर पार्क बनवाया था। अवैध निर्माण की सूचना पर नगर पंचायत व राजस्व विभाग के पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण करते हुए काम रुकवाया है। —————————————-
सीएम आवास योजना ग्रामीण में पारदर्शिता हेतु नई पहल शुरू – 15 अप्रैल के पूर्व बीडीओ से मांग पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने बताया कि आयुक्त के निर्देश पर वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में लाभार्थियों का चयन 15 अप्रैल तक पूरा करके मांग पत्र प्रेषित किया जाना है।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु नई पहल आरम्भ की जा रही है। माह अप्रैल में ही शासन द्वारा लक्ष्य आवंटन जारी कर दिया जायेगा। आवास आवंटन में महिलाओं को प्राथमिकता दी जायेगी। मुख्यमंत्री आवास में पति के मृत्यु के उपरान्त निराश्रित महिला की उम्र सीमा पहले 18 से 40 वर्ष रखी गयी थी जिसे बाद में बढ़ाकर शासन द्वारा 18 से 50 वर्ष कर दी गयी है। जनपद में पति के मृत्यु के उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन प्राप्त कर रही महिलाओं की सूची सभी खण्ड विकास अधिकारियों को इस निर्देश के साथ प्रेषित कर दी गयी है कि ग्रामीण क्षेत्र की विधवा पेंशन के लाभार्थियों की मुख्यमंत्री आवास योजना के मानक के अनुसार पात्रता की जांच करायी जाये। पात्र लाभार्थियों का मांग पत्र उपलब्ध कराया जाये। पात्रता की जांच के समय उम्र का सत्यापन भी कर लिया जाये। इसी प्रकार दिव्यांग, दैवीय आपदा, कुष्ठरोगी, पछइंया लोहार श्रेणी के मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्र परिवारों का चयन और पात्रता का परीक्षण करते हुए 15 अप्रैल के पूर्व मे खण्ड विकास अधिकारियों से मांग पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये है। उक्त श्रेणी में मुख्यमंत्री आवास योजना में आवास हेतु पात्र परिवार अपना आवेदन पत्र सम्बन्धित विकास खण्ड कार्यालय मे दे सकते हैं। जनपद स्तर पर ग्राम्य विकास अभिकरण के हेल्पलाइन नम्बर 05180-298203 पर भी पात्रता के सम्बन्ध में आवेदन कर सकते हैं। —————————————-
ऑपरेशन कन्विक्शन: हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। हत्या के एक चर्चित मामले में न्यायालय ने दो दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए प्रत्येक पर 125000 रूपए का अर्थदण्ड भी लगाया है।
बताते चलें कि थाना राधानगर क्षेत्र में वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमे में विजयपाल ने आरोप लगाया था कि अभियुक्त महेश सिंह और राजन सोनकर ने उसके भाई शत्रुधन को बहाने से बुलाकर मोदी ग्राउंड ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए धारा 302, 394, 120बी व 411 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस महानिदेशक के निर्देश व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत इस प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग की गई। वैज्ञानिक विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया। एएसजे/एफटीसी कोर्ट संख्या-02 ने सुनवाई के बाद दोनों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक पर 125000 का अर्थदण्ड भी लगाया गया है। अर्थदण्ड अदा न करने की स्थिति में एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस सफलता में मॉनिटरिंग सेल, थाना राधानगर पुलिस टीम और एडीजीसी अजय कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। —————————————–
संदिग्ध हालत में युवती ने फांसी लगाकर दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नंदपुर इस्कुरी में मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार नंदपुर इस्कुरी गांव निवासी संतोष कुमार की पुत्री प्रभा देवी ने मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे उस वक्त फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब घर के सभी लोग खेतों में काम करने चले गए थे। जानकारी होने पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में आए परिजनों ने बताया कि चार माह पूर्व थरियांव कस्बा निवासी छोटू विश्वकर्मा पुत्र जितेन्द्र उसकी पुत्री को भगा ले गया था। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई और एक सप्ताह बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था। पिता ने बताया कि सोमवार की शाम छोटू का फोन आया और धमकी दी कि अगर शादी नहीं तो जिंदगी बर्बाद कर देंगे। इसी बात से क्षुब्ध होकर पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। ———————————————-
मां-बाप के झगड़ों से तंग किशोरी ने खाया जहर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– रोज-रोज मां-बाप के झगड़े से तंग आकर 16 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के रेल बाजार निवासी विनोद की पुत्री काजल ने मां-बाप के झगड़े से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि पिता शराब के नशे में रहता है और प्रतिदिन पत्नी से झगड़ा करता था। इसी को देखते हुए किशोरी ने अपनी जिंदगी खत्म करने की गरज से जहर खा लिया। —————————————–
अलग-अलग सड़क हादसों में चार घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के जोशियाना मुहल्ला निवासी निजाम का 43 वर्षीय पुत्र रिजवान मंगलवार की सुबह बाइक से ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बा जा रहा था। जैसे ही वह कलक्टरगंज मिशन अस्पताल के सामने पहुंचा तभी सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उधर किशनपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुर अमनी गांव निवासी करन का 18 वर्षीय पुत्र कमल बाइक से किसी काम से जा रहा था। जब वह गांव से बाहर निकला तभी अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय से बाइक टकरा जाने पर घायल हो गया। उधर गाजीपुर थाना क्षेत्र के मवइया गांव निवासी स्व0 बचानी का 65 वर्षीय पुत्र राम प्रसाद बाइक से सामान लेने जा रहा था जब वह गम्हरी गांव के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। उधर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पूरेमीतन गांव निवासी रामलाल का 28 वर्षीय पुत्र सुरजीत बाइक में बरसीन लेकर आ रहा था तभी अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।