ओवरलोड ट्रक का धुरा टूटा, लगी वाहनों की लंबी कतारें,अन्य लघु खबरों के साथ

   ओवरलोड ट्रक का धुरा टूटा, लगी वाहनों की लंबी कतारें
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के किशनपुर कस्बे से बांदा जनपद को जोड़ने वाले दादों यमुना पुल के वैकल्पिक मार्ग पर शनिवार भोर पहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दोगुना ओवरलोड मोरंग लदे एक ट्रक का धुरा अचानक टूट गया। ट्रक बीच मार्ग में खड़ा हो जाने से असहट सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह जाम की चपेट में आ गया।
सुबह-सुबह दैनिक कामकाज के लिए निकलने वाले राहगीर, स्कूली बच्चे और ग्रामीण घंटों जाम में फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में बांदा जनपद की मोरंग खदानों से ओवरलोड मोरंग लेकर आने वाले सैकड़ों अंतर्जनपदीय वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधा सैकड़ा ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना प्रपत्र, बिना नंबर प्लेट और कथित रूप से बिना फिटनेस के मार्ग पर खड़े दिखाई दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड परिवहन लंबे समय से जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। जाम से परेशान राहगीरों ने अपर जिला अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल राहत की मांग की। सूचना मिलने के बाद उच्चाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर संबंधित विभागों को निर्देश दिए, किंतु लगभग तीन घंटे तक राजस्व, खनन व परिवहन विभाग की कोई संयुक्त टीम मौके पर नहीं पहुंची। दोबारा शिकायत किए जाने के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट और खनन निरीक्षक को मौके पर आना पड़ा। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों के पहुंचने की सूचना पहले ही लीक हो गई, जिसके चलते दर्जनों ओवरलोड वाहन आनन-फानन में वापस मुड़कर बांदा सीमा की ओर निकल गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि केवल दो-चार वाहनों पर औपचारिक कार्रवाई कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जिससे कार्रवाई महज खानापूर्ति जैसी प्रतीत हुई। घटना के बाद भी क्षेत्र में ओवरलोड परिवहन को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध व ओवरलोड परिवहन पर सख्त और निरंतर कार्रवाई कर जाम और हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
———————————- 
 वाहन की टक्कर से युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के अर्न्तगत जोनिहा रोड पर शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 47 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के सैय्यदवाडा मोहल्ला निवासी स्व0 हारून का पुत्र जावेद उर्फ बन्दर अपने निजी काम से बिन्दकी किसी काम से गया था। देर रात लौटते समय जब वह जोनिहा रोड़ पर पहुंचा तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं सूचना पाकर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भतीजे आफिर ने दी है।
———————————- 
 तिलक में जा रहे बाइक सवार को वाहन ने रौंदा, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बा गैस एजेन्सी के समीप देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी सीताराम का पुत्र पवन कुमार शाम बाइक से बहुआ कस्बा तिलक समारोह में जा रहा था। जैसे ही वह बहुआ गैस एजेन्सी के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर घटना स्थल पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————– 
   महिला की दीवार में दबकर मौत, दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में बृजेश विश्वकर्मा पुत्र सुरेश विश्वकर्मा के यहां शादी समारोह में आई उसकी रिश्ते में बुआ श्रीमती देवी पत्नी लवकुश विश्वकर्मा 50 वर्ष की एक खंडहर की दीवार में दब कर मौत हो गई। मृतका मातृ पूजन के बाद जगदीश विश्वकर्मा के खंड हर के पास से निकल रही थी। इनके पीछे राम सागर, ट्विंकल पुत्री प्रदीप विश्वकर्मा 8 वर्ष भी थे। दीवार गिरने से तीनों दब गए सभी को सीएचसी लाया गया। जहां श्रीमती देवी को मृत घोषित किया गया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के पुत्र सर्वेश, प्रियांशी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *