Pakistan में क्वेटा-कराची हाईवे पर पुलिस वैन पर चली ताबड़तोड़ गोलियां, 5 पुलिसकर्मी बंधक बनाए, 10 कैदी फरार

इस्लामाबाद : Pakistan के बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा-कराची हाईवे पर एक बड़ी सुरक्षा चूक और हमले की खबर सामने आई है। मंगोचर इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने एक पुलिस वैन को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी की है। इस हमले के बाद हमलावर पांच पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए और वैन में सवार 10 कैदियों को भी छुड़ाकर फरार हो गए।

भारत से तनाव के बीच ट्रंप के सामने गिड़गड़ाया Pakistan, बोला- हम बड़े देश से नहीं लड़ सकते

यह घटना क्वेटा-कराची हाईवे पर मंगोचर के पास हुई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घात लगाकर पुलिस की गाड़ी पर हमला किया, जिसमें कैदियों को ले जाया जा रहा था। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।

हमले को अंजाम देने के बाद, बंदूकधारी वैन पर नियंत्रण पाने में सफल रहे। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इसके अलावा, वे वैन में मौजूद 10 कैदियों को भी अपने साथ ले गए, जिससे कैदी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। इलाके की घेराबंदी कर बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों की तलाश और फरार कैदियों तथा हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

फिलहाल, इस हमले के पीछे किस समूह का हाथ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादी और चरमपंथी समूह अक्सर सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते रहे हैं। इस वारदात ने एक बार फिर पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *