पहाड़पुर में गंदगी का अंबार, ग्रामीणों में बीमारियों का डर, अन्य लघु खबरों के साथ

    पहाड़पुर में गंदगी का अंबार, ग्रामीणों में बीमारियों का डर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– विजयीपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत पहाड़पुर में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव की गलियों और नालियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों का भय बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जहां स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं जमीनी हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। गांव की नालियां लंबे समय से साफ नहीं कराई गई हैं और गलियों में नियमित झाड़ू भी नहीं लगाई जा रही है। जगह-जगह फैली गंदगी से बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की उदासीनता साफ नजर आ रही है। सफाई कर्मियों की अनियमितता के कारण गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आगे उच्च अधिकारीयो से शिकायत करेंगे।


—————————————- 
     तुर्की नाला पुल पर ओवरलोड ट्रकों की होती आवाजाही
– कभी भी हो सकता हादसा, जिम्मेदारी से बच रहे अधिकारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– किशनपुर क्षेत्र स्थित तुर्की नाला पुल की जर्जर हालत के बीच ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुल और उसके वैकल्पिक रास्ते से भारी व ओवरलोड ट्रक गुजर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, देवेंद्र, रामेंद्र आदि लोगों का कहना है कि पुल पहले से ही क्षतिग्रस्त है और उसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। सवाल यह उठ रहा है कि वैकल्पिक मार्ग से ओवरलोड वाहनों को निकलने की अनुमति किसने दी और लोक निर्माण विभाग ने किस आधार पर ऐसा आदेश जारी किया है। ग्रामीणों के मुताबिक दादो पुल और उससे जुड़ी सड़क भी लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि इसी तरह ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही जारी रही तो पुल और सड़क की स्थिति और भी खराब हो सकती है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। नियमों की बात करें तो मोटर वाहन अधिनियम और सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार किसी भी क्षतिग्रस्त या कमजोर पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश होते हैं। ऐसे स्थानों पर प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था करना अनिवार्य माना जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल की स्थिति की तत्काल जांच कराई जाए और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि अगर भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी किस विभाग और किस अधिकारी की होगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।


—————————————- 
    कंपोजिट विद्यालय बिलंदपुर में ताला काटकर चोरी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– तेलियानी विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बिलंदपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय बिलंदपुर में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने बाउंड्री के तार काटकर विद्यालय में ताला व इंटरलॉक तोड़कर चोरी कर ली। जिसमें प्रधानाध्यापक कक्ष की आलमारी तोड़कर चाबियां निकाल कर अन्य कक्षा कक्षों को भी खोला और विद्यालय ऑफिस का इनवर्टर, बैट्री, साउंड सिस्टम, आईसीटी रूम से प्रिंटर, यूपीएस, पेडेस्टल फैन और किचन का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर ले गए। प्रधानाध्यापक ममता वर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना राधानगर में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया। सहायक अध्यापक अदीप सिंह ने 112 नंबर डायल कर सूचित किया। मौके पर तत्काल पुलिस कर्मियों ने आकर मौके का मुआयना किया।


—————————————— 
  वृद्ध दंपति का कमरे से बरामद हुआ शव
– तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलवामऊ में सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध दंपति को मृत अवस्था में बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेजा है। वहीं दंपति की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारी के अनुसार फुलवामऊ गांव निवासी स्व0 राजनारायण का 70 वर्षीय पुत्र रामबरन व पत्नी रूपरानी 65 वर्ष का सोमवार की सुबह कमरे में मृत अवस्था में शव पड़ा देख घर वालों के होश उड़ गए। तभी किसी ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर विच्छेदन गृह भेजा है। घटना के बाबत लोगों में चर्चा है कि जिस कमरे में दंपति का शव पड़ा था वहां जहरीले पदार्थ की महक आ रही थी। वहीं ग्राम प्रधान रमाकांत शिवहरे ने बताया कि मृतक रामबरन दिल व स्वांस का रोगी था। पत्नी के जोड़ों में दर्द होता था। हो सकता है कि बीमारी के कारण ही दोनों ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।


————————————– 
    अलग-अलग स्थानों पर फांसी के फंदे पर लटके मिले युवकों के शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेजी की अड़ार के समीप जंगल में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने सोमवार की सुबह लगभग 17 वर्षीय किशोर का शव फांसी पर लटका बरामद किया। इसी प्रकार राधानगर थाना क्षेत्र के सथरियांव में घर के अंदर फांसी लगाकर 22 वर्षीय युवक ने अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार तेजी की अड़ार गांव निवासी संतू का पुत्र संजय का शव गांव के बाहर जंगल में सोमवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने फंदे से लटका शव बरामद किया है। मृतक के चाचा संतराम ने बताया कि भतीजे ने गांव के ही लालू से उधार शराब पी थी। जिसका पैसा मांगने लालू घर आया था। जिस पर उसने दूसरे दिन देने की बात कही। तभी लालू धमकी देते हुए चला गया था। लोगों का कहना है कि उधारी के पैसे को लेकर ही लालू ने ही उसकी हत्या करके शव को लटका दिया है। इसी प्रकार सथरियांव गावं निवासी कुबेर के पुत्र राजेश ने मानसिक तनाव के चलते घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक राजेश के परिजनों ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर वह परिवार का पालन-पोषण करता था।


————————————— 
   वाहन की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीरनपुर स्थित एक मैरिज हाल के सामने सोमवार की सुबह वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय बाइक सवार घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार पीरनपुर मुहल्ला निवासी हनीफ अहमद सोमवार की सुबह बाइक लेकर ज्वालागंज की ओर आ रहा था। जब वह सारा पैलेस के सामने पहुंचे तभी पीछे से आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *