दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, महिला के भ्रूण की मौत
– पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय- एसपी को शिकायती पत्र देने जाता पीड़ित परिवार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। एक मामूली विवाद ने इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर पेश कर दी है। दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें एक गर्भवती महिला के पेट में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष कार्रवाई की पुलिस अधीक्षक से मांग की है।
थरियांव थाना क्षेत्र के आकूपुर अजगवा गांव निवासी सुनील कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि तीस जनवरी की सुबह पानी बहाने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रामचंद्र, उसके बेटे और परिवार के अन्य लोग लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पीड़ित के घर में घुस आए और घर के अंदर मौजूद महिलाओं से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान गर्भवती महिला रिंकी के पेट में लात मारी गई, जिससे चार माह के गर्भ में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद गर्भपात कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। न तो पीड़ितों का मेडिकल कराया गया और न ही आरोपियों पर कार्रवाई हुई, बल्कि उल्टा पीड़ित पक्ष के ही आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाओं के साथ मारपीट करते आरोपी भी स्पष्ट नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवार से एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
घोष उपकेन्द्र में बिजली समस्या चरम पर
खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र क़े सुल्तानपुर घोष विद्युत उपकेंद्र में बिजली की समस्या इन दिनों काफ़ी चरम पर है। रात 10.30 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक अघोषित कटौती से बच्चों क़े पढ़ाई में बाधा आ रही है तो वहीं ठण्ड क़े मौसम में घरों क़े अंदर सोने की वजह से लोगों को चोरी जैसी अनहोनी का डर सताने लगा है। लगभग एक महीने से अफोई, भादर क़े साथ अन्य कई फीडरों में रात भर बिजली की कटौती की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली क़े आदेश हवा हवाई साबित हो रहे है। अवर अभियंता पीयूष सोनकर से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया इस समय (ओटीएस) योजना चालू है इसलिए अन्य दूसरे कामों क़े लिए समय नहीं मिल पाता।
———————————————–
खड़ी वैगनआर से भिड़ी बाइक, तीन युवक घायल
– बिना हेलमेट फर्राटा भरना पड़ा भारी, मची अफरा-तफरी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ असोथर, फतेहपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की सुबह गाजीपुर-विजयीपुर रोड स्थित झाल तिराहा असोथर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। बिना हेलमेट स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक सड़क किनारे पंचर की दुकान पर खड़ी वैगनआर से जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार वैगनआर कार के मालिक अनुपम अपनी कार की स्टेपनी पंचर बनवाने के लिए झाल तिराहा स्थित दुकान पर छोड़कर घर चले गए थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्प्लेंडर बाइक सवार जीशान पुत्र इद्दु 20 वर्ष निवासी कंधिया चला रहा था। अचानक अनियंत्रित हो गई और खड़ी कार में जा भिड़ी। बाइक पर उसके साथ निखिल पुत्र रामप्रकाश कश्यप 18 वर्ष निवासी बेर्राव व कृष्ण सिंह पुत्र सुमेर सिंह 15 वर्ष निवासी बेर्राव भी सवार थे। तीनों युवक बिना हेलमेट के थे। बताया जा रहा है कि बाइक चालक जीशान डीजे कारोबारी अपने गांव कंधिया से असोथर स्थित आइसा डीजे वाले के यहां डीजे की मशीन लेने आया था और उसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां जीशान और निखिल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
——————————————————
चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड आबूनगर डाक बंगले के समीप चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। हादसे की जानकारी घायल के परिजनों को हुई तो तुरंत उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के चौक कजियाना मोहल्ला निवासी गणेश प्रसाद का 45 वर्षीय पुत्र अशोक वर्मा उर्फ टीटू बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए निकला था। जब उसकी बाइक कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड आबूनगर डाक बंगले के समीप पहुंची तभी चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार अशोक कुमार रोड पर गिरकर घायल हो गया। हादसे की जानकारी घायल के परिजन को हुई तो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसको अपने प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
———————————————-
बाइकों की भिड़ंत में दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के कस्बे में दो बाइकों की भिडन्त हो गई। जिसमें एक बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायल अवस्था में उनको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहाँ डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के रूना गांव निवासी हीरालाल का 24 वर्षीय पुत्र सूरज व गांव निवासी शिवनंदन का 26 वर्षीय पुत्र सोहन दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक धरियाव कस्बे में पहुंची तभी दूसरे बाइक सवार से उनकी बाइक की भिडन्त हो गई। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए घायलों को इलाज के लिए थरियांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे हैं।
———————————————–
अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुये सड़क हादसों के दौरान चार लोग घालय हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव निवासी प्रेम का 19 वर्षीय पुत्र रत्नेश पूना में नौकरी करता है। छुट्टी लेकर घर वापस आ रहा था। तभी सहिली गांव के पास उसने अपने छोटे भाई अभिषेक 13 वर्ष को बाइक लेकर बुलवाया और उसके साथ घर वापस जा रहा था। जैसे ही बाइक सहिली चौराहा के पास पहुंचा उसी बीच बिन्दकी कोतवाली के ठिठौरा गांव निवासी रामकिशोर का 40 वषीय पुत्र बीरेन्द्र बाइक से शहर आ रहा था तभी बाइकों में भिडन्त हो गयी। जिससे तीनो घायल हो गये। इसी प्रकार असोथर थाना क्षेत्र के करोलिया का डेरा मजरे पुरबुजुर्ग गांव निवासी हीरा लाल निषाद का पुत्र गुलाब निषाद गांव में ही अपने मित्र के ही ई-रिक्शा में बैठकर कस्बा जा रहा था। इसी तरह सदर कोतवाली निवासी हीरा लाल का 58 वर्षीय पुत्र श्याम बाबू शनिवार की सुबह पैदल किसी काम से जा रहा था। जब वह पुरानी तहसील के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। वह घायल हो गया। उधर घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
————————————————–
छत से गिरकर युवक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ले में शनिवार की सुबह छत से गिरकर 40 वर्षीय युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार पनी मोहल्ला निवासी स्व0 अनीस का पुत्र फैज सुबह पहर छत पर कपड़ा फैलाने गया था। तभी अचानक पैर फिसल जाने से नीचे गिरकर घायल हो गया। उधर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
न्याय की गुहार, दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, महिला के भ्रूण की मौत
