पुलिस का बड़ा खुलासा: 48 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझी, आरोपी सलाखों के पीछे

    जालौन पुलिस का बड़ा खुलासा: 48 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझी, आरोपी सलाखों के पीछे
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — पुलिस अधीक्षक जालौन के सशक्त नेतृत्व और कोतवाली जालौन पुलिस की चुस्त कार्यप्रणाली का नतीजा है कि एक जघन्य हत्या की गुत्थी महज 48 घंटे में सुलझा ली गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में कस दिया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव हरकौती का है। दिनांक 04 फरवरी 2026 को पवन कुमार द्वारा अपनी 55 वर्षीय चाची कमला देवी की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल एफआईआर दर्ज कर शव का पंचनामा व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन ने तीन विशेष जांच टीमें गठित कीं। पुलिस की पैनी नजर, तकनीकी साक्ष्यों और भौतिक साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के बाद संदेह की सुई गांव के ही 30 वर्षीय छत्रपाल पुत्र रामदास पर जाकर ठहर गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए सफेद रंग की टी-शर्ट, बादामी रंग की जीन्स और काले रंग के सफेद सोल वाले जूते बरामद किए गए, जिससे मामले की कड़ियां और मजबूत हो गईं।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 03 फरवरी की रात वह शराब के नशे में धुत था। कमला देवी के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर वह गलत नीयत से घर में घुसा। विरोध करने पर उसने गुस्से में आकर महिला का गला दबा दिया और हत्या के बाद शव को घर के सामने खेत में फेंककर फरार हो गया।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जालौन आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने किया। पुलिस की इस तेज़ कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *