प्रियंका गांधी ने जनपद के कांग्रेसियों का जताया आभार, अन्य लघु खबरों के साथ

      महाराजा बिजली पासी की जयंती पर निकाली रैली
– गोष्ठी में उनके व्यक्तित्व पर ब्लाक प्रमुख ने डाला प्रकाश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। महाराजा बिजली पासी की जयंती पर सुल्तानपुर घोष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवाओं ने रैली निकालकर महाराजा बिजली पासी के संदेश को जनमानस तक पहुंचाया। तत्पश्चात गोष्ठी में मुख्य अतिथि हसवा ब्लाक प्रमुख ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सुल्तानपुर घोष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हसवा ब्लाक प्रमुख विकास पासवान ने शिरकत की। उन्होने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए छिवलहा तक गई। चौकी चौराहा पर रैली का जोरदार स्वागत किया गया। तत्पश्चात रैली हुसैनगंज पहुंची। हुसैनगंज कस्बे में भी रैली का समाज के लोगों ने स्वागत किया। रैली के जरिए युवाओं ने महाराजा बिजली पासी के संदेश को जनमानस तक पहुंचाने का काम किया। तत्पश्चात आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए हसवा ब्लाक प्रमुख श्री पासवान ने कहा कि महाराजा बिजली पासी से दलित समुदाय के उत्थान के लिए तमाम ऐतिहासिक कार्य किए। उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। समाज के महापुरूषों को हम सबको हमेशा याद करना चाहिए। इस मौके पर पुष्पराज पासवान, मनोज सविता प्रधान, छविराम सोनकर, चंद्रभान पासवान, अतीश पासवान, विवेक पासवान आदि रहे।
————————– 
     प्रियंका गांधी ने जनपद के कांग्रेसियों का जताया आभार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बीते चौदह दिसंबर को दिल्ली में आयोजित ओट चोर गद्दी छोड़ महारैली में शिरकत करने गए जनपद के कांग्रेसियों का राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनकी लगन और निष्ठा पर एक आभार पत्र भेज कर हौसला अफजाई की है।
ज्ञात हो कि महारैली में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा, जिला उपाध्यक्ष माधुरी रावत, शेख एजाज अहमद, कानपुर देहात कोऑर्डिनेटर कलीम उल्ला सिद्दीकी, पार्टी प्रवक्ता ई0 देवी प्रकाश दुबे, एआईसीसी शिवाकांत तिवारी महासचिव रामनरेश महराज आदि के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पहुंच कर रैली की सफलता में अपना योगदान दिया जिसको दृष्टिगत करते हुए प्रियंका गांधी ने उक्त आभार पत्र प्रेषित कर कहा कि सभी ने संदेश दिया है कि अन्याय, सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस एकजुट है और हर हाल में जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि रैली में कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादाई रही है। जनता के अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता हर समय तैयार है ये एकजुटता का प्रमाण है।
—————————— 
   कोहरे में डंपर पेड़ से टकराया, चालक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़  फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बक्सर रोड पर कोहरे के चलते गिट्टी लदा डंपर पेड़ से टकरा गया। जिससे डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना क्षेत्र के घुरामऊ गांव निवासी स्वर्गीय राम प्रसाद का 22 वर्षीय पुत्र अरविंद जो डंपर चालक है। बीती रात वह बांदा जनपद से गिट्टी लाद कर वापस जा रहा था। तभी कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बक्सर रोड पर कोहरे के चलते उसका डंपर रोड किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। जिससे डंपर चालक अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए गोपालगंज सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे थे। तभी घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे अरविंद के फूफा राम खेलावन उसको अपने साथ उन्नाव जनपद इलाज कराने लेकर चले गए।
————————– 
 बाइकों की भिड़ंत में युवक घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिंदकी कोरवाली क्षेत्र के डीघ गांव के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के डीघ गाँव निवासी सलीम का 32 वर्षीय पुत्र राजेश बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए बिंदकी कस्बा गया था। रात वापस लौटते समय जब उसकी बाइक गाँव के समीप पहुंची तभी दूसरी बाइक से उसकी भिडन्त हो गई। जिसमे राजेश गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल राजेश को इलाज के लिए शहर के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। वहाँ से आज दोपहर उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए तो ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। वही जिला अस्पताल पहुंचे घायल राजेश के पिता सलीम ने घटना की जानकारी दिया।
—————————— 
    अचेत युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 2 पर बरौरा गांव की मोड पर अचेत अवस्था में पड़े युवक को लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को इलाज के लिए सरकारी एम्बुलेन्स से अस्पताल पहुंचवाया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार अमेठी जनपद के हिम्मतगढ़ निवासी छेदीलाल का 28 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार को मलवा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 2 पर बरौरा गांव की मोड पर सन्दिग्ध अवस्था में अचेत पड़ा हुआ लोगों ने देखा तो स्थानीय पुलिस को जानकारी दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोन कर घटना की सूचना सरकारी एंबुलेंस को दिया तो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस के ईएमटी उमेश ने युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। वहीं युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे एम्बुलेन्स के ईएमटी उमेश ने बताया यह बरौरा गाँव की मोड पर अचेत पड़ा था। सूचना मिली तो इसको इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए हैं। इसके पास मिले आधार कार्ड से मालूम हुआ कि यह अमेठी जनपद के निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *