कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

     कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट संदीप धुरिया जनपद हमीरपुर  —  बिवांर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने दो युवकों पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने और उसके बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। थाना में रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर शुक्रवार को बिवांर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पीड़िता के अनुसार 5 अगस्त 2025 को करन पुत्र बिजइयाँ प्रजापति निवासी बंधुर बुजुर्ग तथा दिनेश पुत्र अशगर निवासी ग्राम सायर ने बिवांर स्थित एक रेस्टोरेंट में उसे कोल्डड्रिंक पिलाई। आरोप है कि पेय में नशीला पदार्थ मिलाया गया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे कार से दिल्ली ले गए और एक कमरे में बंद कर कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती का कहना है कि किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और बिवांर थाने में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी नन्दराम ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *