मुस्करा में स्कूल वैन पलटी, 3 बच्चे घायल
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर — थाना मुस्करा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक स्कूल वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। लीलावती पेट्रोल पंप के पास विवेकानंद स्कूल के बच्चों को ले जा रही स्कूल वैन अचानक सामने गाय आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी व थाना मुस्करा पुलिस मौके पर पहुँची।
वैन चालक दिलीप पुत्र शिवपुरी, निवासी 04 थोक मुस्करा ने बताया कि वह नियमित रूप से बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर गाय आ जाने से ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के समय वैन में कुल 8 स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना में 3 बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुँचाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बताया गया कि सभी घायल बच्चों की हालत सामान्य है। शेष 5 बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
उपचार के बाद सभी बच्चे अपने-अपने अभिभावकों के साथ घर चले गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मामले में थाना मुस्करा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

