जेल की चारदीवारी में पहुंची संवेदना,जरूरतमंद बंदियों को कथावाचक ने वितरित किए कंबल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — जिले में कड़ाके की ठंड के बीच मानवता और संवेदनशीलता की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली, जहां प्रसिद्ध कथा वाचक गजेंद्र ठाकुर जी महाराज की ओर से जिला कारागार में बंद जरूरतमंद बंदियों को कंबल वितरित किए गए।इस सेवा कार्य के दौरान महाराज स्वयं जिला कारागार पहुंचे और उन्होंने कुछ जरूरतमंद बंदियों को अपने हाथों से कंबल प्रदान किए, जबकि शेष कंबल कारागार प्रशासन को सौंपते हुए यह आग्रह किया कि उन्हें जेल में निरुद्ध उन बंदियों तक पहुंचाया जाए, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।आपको बता दें कि गजेंद्र ठाकुर जी महाराज लगातार भीषण ठंड को देखते हुए जिले भर में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों तक कंबल पहुंचाने का अभियान चला रहे हैं। उनके इस सेवा अभियान के तहत अब तक करीब एक हजार लोगों को कंबल वितरित कर लाभान्वित किया जा चुका है।इस मौके पर गजेंद्र ठाकुर जी महाराज ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि ठंड के इस मौसम में कोई भी जरूरतमंद मदद से वंचित न रह जाए।जिला कारागार में किया गया यह कंबल वितरण न सिर्फ सामाजिक सरोकारों को दर्शाता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सेवा और संवेदना की कोई सीमा नहीं होती—चाहे वह जेल की चारदीवारी के भीतर ही क्यों न हो।