एसआईआर अभियान समाप्त, जिले में कुल 1735900 मतदाता दर्ज

     एसआईआर अभियान समाप्त, जिले में कुल 1735900 मतदाता दर्ज
– जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई सूची
फोटो परिचय- (4) राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की कापी देते डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में दस अप्रैल तक चले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्ष कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। 166 दिनों तक चले इस बड़े अभियान को जनपद में सफल बनाने में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने निष्ठापूर्वक कार्य किया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार कुल 1735900 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जिसमें पुरुष मतदाता 9,55,244, महिला मतदाता 7,80,624 व अन्य श्रेणी 32 मतदाता शामिल है। सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा 2364 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों और बूथों पर मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह सूची आम जनता के निरीक्षण के लिए एक सप्ताह तक उपलब्ध रहेगी। मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है। इसके अलावा सर्विस मतदाता सूची का भी अंतिम प्रकाशन किया गया। इसमें कुल 3,623 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 3,426 पुरुष एवं 197 महिला मतदाता हैं। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में 6 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), 193 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), 218 बीएलओ सुपरवाइजर और 2,364 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही 6,844 बूथ लेवल एजेंटों और लाखों मतदाताओं ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया। प्रचार-प्रसार में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया का भी सराहनीय योगदान रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनैतिक दलों और आम जनता का आभार व्यक्त किया जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सुचारू रूप से पूरा हो सका। मतदाता सूची की जांच के लिए मतदाता अपने बूथ पर या जिला वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। कोई भी आपत्ति या सुधार के लिए निर्धारित समयावधि के अंदर संबंधित अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *