सपा का आरोप – फॉर्म नंबर-7 से वोट कटवाने का खेल, SIR पर सियासी बवाल
सपा का आरोप – फॉर्म नंबर-7 से वोट कटवाने का खेल, SIR पर सियासी बवाल
उरई में SIR पर सियासी बवाल सपा का आरोप – फॉर्म नंबर-7 से वोट कटवाने का खेल दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई — विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जालौन जनपद का मुख्यालय उरई एक बार फिर सियासी गरमाहट का केंद्र बन गया है। समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि फॉर्म नंबर-7 का दुरुपयोग कर हर बूथ पर 30 से 35 वोट जानबूझकर कटवाए जा रहे हैं।
इन्हीं आरोपों के साथ सपा नेता और कार्यकर्ता सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं का कहना है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की आड़ में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ किया जा रहा है और विपक्षी दल से जुड़े मतदाताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।
सपा नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी और गहमागहमी के बीच सपा कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दिया कि यह केवल राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि मताधिकार की रक्षा की लड़ाई है।