विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा हेतु विशेष रोल प्रेक्षक का दौरा

     विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा हेतु विशेष रोल प्रेक्षक का दौरा
रिपोर्ट संदीप धुरिया जनपद हमीरपुर– अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक श्री जे०वी०एन० सुब्रमण्यम, ज्वाइंट सेक्रेटरी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद हमीरपुर में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की गहन समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम श्री सुब्रमण्यम द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साक्ष्य प्रस्तुत न करने वाले मतदाताओं की सुनवाई स्थलों—खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मौदहा एवं नगर पंचायत कार्यालय सुमेरपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों का विधिवत परीक्षण किया जाए तथा यदि कोई मतदाता उपयुक्त अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो उसे सही अभिलेख लाने हेतु समुचित रूप से समझाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को बिना उचित सुनवाई का अवसर दिए अनर्ह घोषित न किया जाए। साथ ही प्राप्त अभिलेखों को उच्च गुणवत्ता में अपलोड किए जाने के निर्देश दिए, जिससे सुनवाई प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
निरीक्षण के उपरांत विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मीरतन साहू ने बीएलओ एवं बीएलए के मध्य बेहतर समन्वय से कार्य में सुधार की बात कही। कांग्रेस के जिला मंत्री श्री एस०के० तिवारी ने अधिकारियों के सहयोग से कार्य में प्रगति होने की जानकारी दी। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि द्वारा यह सुझाव दिया गया कि नोटिस की सुनवाई के लिए नागरिकों को अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। इस पर जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने बताया कि अधिक मतदेय स्थलों वाले मतदान केंद्रों पर ही सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान श्री सुब्रमण्यम ने निर्देश दिए कि सुनवाई कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर एसआईआर का कार्य पूर्ण किया जा सके। उन्होंने एसआईआर को राष्ट्रीय कर्तव्य (नेशनल ड्यूटी) मानते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करने पर बल दिया तथा आम नागरिकों से नियमित फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में युवा एवं महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई गई है, जिसके दृष्टिगत विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक कॉलेज में कैम्प लगाए जाएँ तथा ऐसे बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए जहाँ महिला मतदाताओं की संख्या कम है, ताकि अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक श्री राजकुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राठ श्री अभिमन्यु कुमार, उप जिलाधिकारी हमीरपुर श्री कड़ेदी़न, उप जिलाधिकारी सरीला श्री बलराम गुप्ता, उप जिलाधिकारी मौदहा श्री करनवीर सहित समस्त तहसीलदार उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों में भाजपा से श्री लक्ष्मीरतन साहू, कांग्रेस से श्री एस०के० तिवारी, बहुजन समाज पार्टी से श्री वीरेन्द्र वर्मा, आम आदमी पार्टी से श्री मनीष गुप्ता तथा समाजवादी पार्टी से श्री विवेक यादव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *