सायरन बजते ही अंधेरे में डूबा स्टेडियम, परखी गई आपदा तैयारियाँ
सायरन बजते ही अंधेरे में डूबा स्टेडियम, परखी गई आपदा तैयारियाँ
सायरन बजते ही अंधेरे में डूबा स्टेडियम, ब्लैकआउट मॉक ड्रिल से परखी गई आपदा तैयारियाँ रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर, 23 जनवरी 2026 — उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में नागरिक सुरक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा मित्र टीम, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, होमगार्ड, परिवहन, विद्युत एवं नगर पालिका विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की निगरानी नियंत्रक नागरिक सुरक्षा/जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा द्वारा की गई। सायं 06:00 बजे जैसे ही हवाई हमले की चेतावनी सायरन बजा, विद्युत विभाग ने तत्काल पूर्ण ब्लैकआउट कर दिया, जिससे पूरा स्टेडियम अंधेरे में डूब गया।
इसके उपरांत काल्पनिक बमबारी से उत्पन्न आपात स्थिति को दर्शाते हुए अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया। पुलिस एवं नागरिक सुरक्षा वार्डनों द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी कर भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित किया गया, वहीं आपदा मित्र टीम ने खोज एवं बचाव, स्ट्रेचर संचालन तथा प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए घायलों को फर्स्ट एड पोस्ट तक पहुँचाया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायलों की ट्राइएज कर गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जबकि नगर पालिका एवं परिवहन विभाग द्वारा प्रभावितों को सुरक्षित रैन बसेरा पहुँचाने की व्यवस्था की गई।
सायं 06:30 बजे ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजने के साथ मॉक ड्रिल का समापन किया गया। डी-ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों एवं आपदा मित्र टीम के उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा की वास्तविक स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री विजय शंकर तिवारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री रेहान अली, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री प्रियेश रंजन मालवीय, आपदा मित्र जिला समन्वयक श्री ऋषभ देव यादव तथा स्काउट गाइड के श्री अकबर अली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।