एसटीएफ का करारा प्रहार, रिटायरमेंट से 48 घंटा पहले पीटीओ निलंबित

    ओवरलोड ट्रकों की उगाही के काले साम्राज्य पर लगा ब्रेक
एसटीएफ का करारा प्रहार, रिटायरमेंट से 48 घंटा पहले पीटीओ निलंबित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले में वर्षों से चल रहे ओवरलोड ट्रक-ट्रालियों की उगाही के काले साम्राज्य पर आखिरकार ब्रेक लग गया। रिटायरमेंट से 48 घंटे पहले परिवहन विभाग ने बड़ा झटका देते हुए पीटीओ अखिलेश चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त किंजल सिंह के निर्देश पर हुई।
बताते चलें कि ग्यारह नवंबर को एसटीएफ ने जिस बहुचर्चित सिंडिकेट का पर्दाफाश किया था, उसमें पीटीओ अखिलेश चतुर्वेदी का नाम भी शामिल था। एसटीएफ की जांच में सामने आया कि खनिज विभाग और परिवहन विभाग के कुछ अधिकारियों ने मिलीभगत कर एक सुनियोजित गिरोह बना रखा था, जो बालू, गिट्टी, क्रेसर से लदे ओवरलोड वाहनों को पास कराने के नाम पर हर ट्रिप पर मोटी रकम वसूल रहा था। मामले में नामजद मुख्य आरोपी जिला खनिज अधिकारी देशराज पटेल, एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा, पीटीओ अखिलेश चतुर्वेदी, लोकेटर बनाए गए थे। सूत्रों के अनुसार पीटीओ अखिलेश चतुर्वेदी लंबे समय से इस गिरोह के अहम हिस्सा थे। उनके निलंबन के साथ ही अब उनके रिटायरमेंट बेनिफिट, पेंशन और अन्य सुविधाएं भी खतरे में पड़ गई हैं। विभागीय नियमों के तहत निलंबन काल में रिटायरमेंट नहीं हो सकता और जांच पूरी होने तक सारे लाभ रोक दिए जाते हैं।
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने साफ कहा कि ओवरलोडिंग और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा। एसटीएफ की इस कार्रवाई और उसके बाद परिवहन विभाग के त्वरित एक्शन से जिले के ट्रांसपोर्टरों और आम जनता में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि सालों से ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़कें तबाह हो रही थीं और उगाही के कारण माल ढुलाई महंगी पड़ रही थी। अब उम्मीद है कि सड़कें सुरक्षित होंगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। फिलहाल एसटीएफ जांच को और गहरा कर रही है। जल्द ही सिंडिकेट के बाकी सदस्यों पर भी गाज गिरने की संभावना है।


———– —— 
यौन शोषण करने के आरोपी की जमानत मंजूर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोपी ने अपने अधिवक्ता के जरिए न्यायालय में जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अधिवक्ता की ओर से दिए गए तर्कों को आधार मानकर विद्वान न्यायाधीश ने आरोपी के जमानत प्रार्थना पत्र को मंजूर कर लिया।
आरोपी अतुल कुमार पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम भैरमपुर थाना कोतवाली के अधिवक्ता धीरेन्द्र वीर सिंह व संजय सिंह सेंगर ने न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश/एफ0टी0सी0 (सी0ए0डब्लू0) न्यायालय संख्या 01 में जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अधिवक्ता ने बताया कि पीड़िता के बयान अंतर्गत धारा 180 बीएनएस व धारा 183 बीएनएसए में भिन्नता है। इसलिए मामले के तथ्यों एवं परिस्थितियों पर गुण दोष पर राय व्यक्त किए बिना अभियुक्त को जमानत पर छोड़े जाने का समुचित आधार प्रतीत होता है। अधिवक्ता के तथ्यों को आधार मानकर न्यायाधीश अशोक कुमार ने आरोपी का जमानत प्रार्थना पत्र सर्शत मंजूर करते हुए जमानत दे दी।
———– —— 
सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
– विवाह के चौथे दिन ही विवाहिता की मांग का उजड़ गया सिंदूर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम आंबापुर के समीप एनएच-2 में बीमार पिता को खाना देने आ रहे बाइक सवार दो लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी रामऔतार का 24 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार गांव के ही रामपाल के 30 वर्षीय पुत्र अवधेश कुमार के साथ बाइक रात ढाई बजे शहर के जीटी रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती बीमार पिता को खाना देने आ रहे थे। जैसे ही ये लोग आंबापुर के समीप एनएच-2 में पहुंचे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतक विमलेश की 24 नवंबर को सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दंदवा गांव निवासी जयपाल की पुत्री सुधा देवी से शादी हुई थी। शादी के चार दिन बाद ही सुधा की मांग का सिंदूर उजड़ गया। जैसे ही उसे पति की मौत की खबर मिली तो वह बेसुध हो गई। परिवारीजनों के साथ-साथ आस-पास के लोग उसे ढाढंस बंधाते रहे।
—— ————– 
सड़क हादसों में घायल दो महिलाओं की उपचार दौरान मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। औंग कस्बा के समीप एनएच-2 में एक पखवारा पूर्व सड़क हादसे में घायल 42 वर्षीय महिला की कानपुर में इलाज के दौरान शनिवार की सुबह मौत हो गई। वहीं गाजीपुर थाने के पखरौली के समीप खेत से घर वापस जा रही 50 वर्षीय महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिसकी एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताते चलें कि औंग कस्बा निवासी विनोद पटेल की पत्नी सुमन पटेल विगत तेरह नवंबर को सामान लेने जा रही थी। जैसे ही वह एनएच-2 में पहुंची तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए कानपुर में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इसी तरह पखरौली गांव निवासी स्व0 जगरूप की पत्नी रानी 22 नवंबर को खेत से घर वापस आ रही थी। जब वह महमदपुर के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शुक्रवार की शाम इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———– ——- 
ट्रैक्टर पलटने से पल्लेदार की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बजरंगापुर के समीप शनिवार की दोपहर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट जाने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बजरंगापुर गांव निवासी रामखेलावन का पुत्र हरिओम पल्लेदारी करता था। बताते हैं कि दोपहर लगभग दो बजे गांव के ही लालबाबू व एक अन्य युवक के साथ ट्रैक्टर से किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही ये लोग बजरंगापुर गांव से कुछ आगे बढ़े तभी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। जिससे हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लालबाबू समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——– —– 
जहर खाने से किशोरी की मौत, युवक पर आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में शुक्रवार की सुबह 14 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका की छोटी बहन ने पड़ोसी गांव के युवक पर मारने-पीटने व जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
बताते चलें कि लालपुर गांव निवासी किशन रैदास की पुत्री प्रिंसी देवी ने शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की छोटी बहन मोनिका ने बताया कि कल वह अपनी बड़ी बहन प्रिंसी के साथ अकेली थी। तभी बैजानी गांव निवासी रामविलास पुत्र बिहारी उसके घर आया और बहन से बोला कि तुम हमसे बात करोगी या नहीं। इसी बात पर उसने बहन को मारना-पीटना शुरू किया। जब बीच-बचाव किया तो उसे भी मारापीटा। जाते-जाते जबरन बहन को जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——— ———- 
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के डीघ गांव स्थित ललौली रोड के पास एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहे 32 वर्षीय युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार डीघ गांव निवासी अमित विश्वकर्मा पुत्र राकेश कुमार विश्वकर्मा दोपहर में छत पर सरिया बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक ऊपर चढ़ गया और सिर के ऊपर से गुजरी 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह जोर से चिल्लाया और छत पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूरों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही बिंदकी पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में कई जगह हाईटेंशन लाइनें बहुत नीची गुजर रही हैं, जिससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने बिजली विभाग से लाइन की ऊंचाई बढ़ाने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की मांग की है। मृतक अमित अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *