दिल्ली से लौटी टीम, परख सर्वे में सुधार को तैयार हुआ मास्टर प्लान

    दिल्ली से लौटी टीम, परख सर्वे में सुधार को तैयार हुआ मास्टर प्लान
फोटो परिचय-  बैठक कर रणनीति तैयार करती टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के परिणामों के आधार पर आकांक्षी जनपदों के लिए आयोजित विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशाला में जनपद की टीम ने सक्रिय भागीदारी करते हुए आगामी सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की। कार्यशाला में फतेहपुर से डायट के शिक्षण प्रभारी एवं प्रवक्ता विनय कुमार मिश्र, बेसिक शिक्षा विभाग के एसआरजी राधेश्याम दीक्षित और भिटौरा ब्लॉक के विज्ञान एआरपी संजय सिंह शामिल रहे।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनपदवार आंकड़ों के विश्लेषण की आधुनिक प्रविधियां सिखाईं। प्रतिभागियों ने डैशबोर्ड आधारित समीक्षा करते हुए गैप एनालिसिस किया और सुधारात्मक कार्ययोजना का संक्षेप प्रस्तुत किया, जिससे जनपद स्तर पर शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत किया जा सके। आगामी चरण में फतेहपुर में जनपद स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन कर अकादमिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। परख की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्राणी भादुड़ी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए इस पहल को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। इस दौरान जनपद टीम ने सीआईईटी के प्रमुख डॉ. अमरेंद्र बहेरा से भेंट कर पीएम ई-विद्या, दीक्षा ऐप समेत डिजिटल शिक्षण पहलों पर प्रगति की समीक्षा की। कार्यशाला से लौटे प्रतिभागियों ने भरोसा जताया कि तैयार रोडमैप से फतेहपुर का प्रदर्शन नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *