भाजपा सरकार के 11 सालों का इतिहास काला व डरावना : नरेश उत्तम
भाजपा सरकार के 11 सालों का इतिहास काला व डरावना : नरेश उत्तम
भाजपा सरकार के 11 सालों का इतिहास काला व डरावना: नरेश उत्तम – समाजवादी पार्टी ने दिया सरकार के ग्यारह वर्ष के जश्न का जवाब
फोटो परिचय- सांसद नरेश उत्तम पटेल।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संसदीय क्षेत्र के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार के 11 साल में किए गए सभी वादे जुमले साबित हुए हैं। चारों तरफ बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय, आरक्षण की चोरी, हर सेक्टर में निजीकरण कर आरक्षण को पूरी तरह समाप्त करने की साजिश, संविधान पर हमला भाजपा सरकार के 11 सालों का इतिहास बेहद काला और डरावना है। पीडीए के साथ खुलेआम अत्याचार हो रहा है।सांसद नरेश उत्तम पटेल ने एक बयान जारी कर भाजपा सरकार के 11 सालों के कार्यकाल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया है।
सपा सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 11 साल के जुमले का जश्न मना रही है। हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा था, जुमला साबित हुआ। विदेश से काला धन लाएंगे, जुमला साबित। देश का धन लूटकर विजय माल्या जैसे लोग भाग गए। चंद पूंजीपतियों का कई लाख करोड़ रुपए माफ कर दिया गया। किसान कर्ज के चलते आत्महत्या कर रहे हैं। बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा पर है। देश का सामाजिक ताना-बाना बिगाड़ा जा रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को पूरी तरह दबा दिया जाता है। यहां तक कि जनता की आवाज उठाने वाले मीडिया कर्मी तक बुरी हालत हैं। चारों तरफ हिंसा, आगजनी और दहशत का माहौल है। विपक्ष के साथ शत्रुतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। भाजपा ने कहा था कि 90 दिन के अंदर महंगाई खत्म होगी। डीजल, पेट्रोल गैस सिलेंडर के दाम घटाने का वादा था। कई गुना बढ़ा दिया। दवाई-पढ़ाई इतनी महंगी हो गई है कि आम आदमी त्राहि त्राहि कर रहा है। किसानों की आय दो गुना करनी थी। खाद, बीज, सिंचाई सब महंगी कर दी गई।
किसान फसल की लागत नहीं पा रहे। स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू करने की बात कही गई थी,वह भी जुमला साबित हुआ। एमएसपी की गारंटी मांगते हुए सैकड़ों किसान शहीद हो गए। दलित और पिछड़ों के आरक्षण का कोटा नहीं भरा जा रहा बल्कि उनके आरक्षण पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है। उत्पादक और उपभोक्ता के बीच कोई संतुलन नहीं है। सामाजिक विषमता बढ़ रही है। भाजपा झूठे डाटा से जनता को बेवकूफ बना रही है। जातीय जनगणना कब होगी, क्या फॉर्मेट होगा, क्या तरीका होगा, कुछ स्पष्ट नहीं किया जा रहा है। चार वर्ष से महिला बिल पास है, क्यों नहीं लागू किया जा रहा है। जब जनाधार खिसक रहा है तो जातीय जनगणना की बात कही गई लेकिन अभी तक कोई खाका सामने नहीं आया। मनरेगा के मजदूरों को उनकी मजदूरी तक नहीं मिल रही है। हैवी इंडस्टरीज के चलते बेरोजगारी बढ़ी है। कुटीर उद्योगों को खत्म किया जा रहा है। एक लाख लोगों का काम एक मशीन कर रही है तो बेरोजगारी बढ़ेगी ही। कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना चाहिए। खागा और चौडगरा दोनों दूध के प्लांट वर्षों से बंद हैं। सरकार की नीयत ठीक नहीं है। फतेहपुर में ओवरलोड वाहनों के चलते सड़के बर्बाद हो रही हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवों में पानी तो नहीं मिला हां बनी हुई सड़कें खंड-खंड कर दी गईं। उनकी मरम्मत तक नहीं की जा रही है। जिले के लिए वे चाहते हैं कि गंगा एक्सप्रेसवे को बुंदेलखंड से जोड़ दिया जाए। दूसरी मांग उन्होंने रखी है कि जैसे ओला, बाढ़ आदि से नष्ट हुई फसल का बीमा होता है, उसी तरह आवारा पशुओं से नष्ट हुई फसल का बीमा कर दिया जाए और मुआवजा की व्यवस्था की जाए। जिले के लिए उन्होंने मांग की है कि सरकार सहकारी समितियों को मजबूत करे। कोऑपरेटिव सेक्टर मजबूत होगा तो किसानों को लाभ मिलेगा। भाजपा ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कुंभ में मरने वालों की सरकार सूची तक जारी नहीं कर रही है। अभी कोर्ट ने लताड़ा है फिर भी कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर इस बार दलित, पिछड़े अल्पसंख्यक एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बेदखल नहीं किया तो न आरक्षण बचेगा और न संविधान बचेगा। यह सरकार पक्षपात की सरकार है। केवल अल्पसंख्यकों को परेशान नहीं किया जा रहा है बल्कि दलित, पिछड़े भी हर तरह से उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कौशांबी में पाल समाज की बेटी के साथ हुए अन्याय और अत्याचार का भी जिक्र किया।