दबंगों ने घर में घुसकर दहेज के सामान में लगाई आग

       दबंगों ने घर में घुसकर दहेज के सामान में लगाई आग
– युवती समेत परिवारीजनों से की अभद्रता, जान-माल की दी धमकी
पीड़ित परिवार ने हुसैनगंज पुलिस को दी तहरीर
फोटो परिचय-  प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देने जाते पीड़ित।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। दबंगों के हौसले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। अपराधियों पर अब पुलिस का कोई खौफ नहीं है। इसकी बानगी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नवीपुर में देखने को मिली। जहां पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर अपना कहर बरपाया। शादी वाले घर में जबरन घुसकर बेटी के दहेज के सारे सामान को आग लगा दिया। जिससे लगभग तीन लाख रूप्ए का नुकसान हुआ। इतना ही नहीं युवती समेत परिवारीजनों से अभद्रता की। साथ ही जान-माल की धमकियां दी। पीड़ित परिवार ने हुसैनगंज पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
नवीपुर गांव निवासी रामदयाल पुत्र स्व0 द्वारिका प्रसाद ने हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक को दी गई तहरीर में बताया कि 21 नवंबर को उसकी पुत्री की शादी गांव से ही थी। गांव का ही दबंग प्रदीप यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव पुरानी रंजिश के चलते बार-बार धमकी देता था कि लड़की की शादी कैसे कर पाते हो। 21 नवंबर को रात लगभग ग्यारह बजे दबंग प्रदीप यादव, सुरेन्द्र यादव, अनुज यादव, कुलदीप यादव, गायत्री देवी, मिन्टू समेत छह सात अज्ञात लोग लाइसेंसी बंदूक व अवैध असलहा लेकर घर में घुस गए और पुत्री को शादी में देने वाले सामान में पेट्रोल डालकर आग लगा दिया और गाली-गलौज की। सुरेन्द्र ने धमकी दिया कि आज जान से मार डालेंगे। विरोध करने पर पुत्री से छीना झपटी व अभद्रता करने लगे। घटना को रिश्तेदारों समेत गांव के लोगों ने देखा। पीड़ित परिवार का कहना रहा कि ये दबंग राजनैतिक प्रभाव के लोग हैं। पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी से प्रदीप यादव, सुरेन्द्र यादव, नन्टू, कुलदीप, अनुज, गायत्री देवी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *