पुलिस ने घटना का खुलासा कर मां व भाई को दबोचा

     प्रेम प्रसंग के चलते युवती की मां व भाई ने की थी हत्या
पुलिस ने घटना का खुलासा कर मां व भाई को दबोचा
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में मां व बेटा।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर— गाजीपुर थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर बकरी गांव में खेत में मिले युवती के संदिग्ध शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका की मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या परिवार की बदनामी के डर से की गई थी।
पुलिस के मुताबिक दो मार्च को पैगम्बरपुर बकरी गांव स्थित बोधन कुम्हार के खेत में फरजाना पुत्री इमाम खां का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने चौकीदार आशाराम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतका की मां अफसाना और भाई अफसार पर संदेह हुआ। मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच में सामने आया कि घटना की रात दोनों के बीच कई बार बातचीत हुई थी। पुलिस ने रविवार को टिकरी मोड़ नहर पुलिया के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरजाना का किसी से प्रेम प्रसंग था, जिससे परिवार को समाज में बदनामी का डर था। इसी वजह से 1-2 मार्च की रात मां और भाई ने उसे अरहर के खेत में ले जाकर जबरन सल्फास खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को चने के खेत में छोड़ दिया गया। घटना के बाद मां फतेहपुर चली गई और अगले दिन थाने पहुंचकर बेटी की मौत की सूचना दी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, महिला उपनिरीक्षक ज्योति कौशिक, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, धीरेन्द्र सिंह व महिला आरक्षी पूनम शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *