रेडक्रास सोसाइटी ने चलाया जल संरक्षण जागरूकता अभियान

     कल के लिए आज जल की एक-एक बूंद बचाएं 
रेडक्रास सोसाइटी ने चलाया जल संरक्षण जागरूकता अभियान
फोटो परिचय- दुकानदारों को पत्रक वितरित कर जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते रेडक्रास चेयरमैन।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– विश्व जल दिवस पर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती व डॉ सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चेयरमैन व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में जल संरक्षण जागरूकता अभियान चौक स्टेशन रोड क्षेत्र के व्यापारियों के मध्य चलाया गया। डॉ अनुराग ने सभी दुकानदारों को जल संरक्षण जागरूकता निवेदन पत्रक देकर निवेदन किया कि कल के लिये आज जल की एक एक बूंद बचाएं क्योंकि पूरे विश्व में पीने का पानी सिर्फ एक प्रतिशत है जिसका एक चौथाई ही हमारे पास है जिसे हम सबको सहेजना है जिससे आने वाली पीढ़ी जल की कमी से न जूझे। हममें से बहुत से लोग पीने के पानी को सडकों को सींचने, नालियों को धुलने इत्यादि में लाखों लीटर प्रतिदिन बर्बाद कर देते हैं। हम सबको मिलकर उन सभी भाई बहनों को समझाना होगा। साथ ही वर्षा के जल का भी संचयन करना होगा तब कहीं जाकर हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए जल बचा पाएंगे। कई छोटे प्रयास जैसे आरओ जब एक भाग पानी फ़िल्टर करता है तो दस भाग पानी व्यर्थ सिंक से बहकर चला जाता है। उस पानी को पाइप द्वारा एकत्र कर हम कई कार्यों में ले सकते हैं। इस हेतु हम सभी को आरओ वाटर संचालकों को समझाना बहुत आवश्यक होगा क्योंकि ये लोग जितना पानी भूगर्भ से निकालते हैं फ़िल्टर करते हैं फिर वेस्ट पानी को वापस रिचार्ज करने के लिये भूगर्भ में नही वापस भेजते बल्कि नालियों के माध्यम से लाखों लीटर पानी नाली से बहाते हैं जबकि यह कानूनन भी जुर्म है। साथ ही गाड़ी धुलाई संचालक भी यही गलती करते हैं। कई बार मोटर से पानी भरते समय हम यह जान नहीं पाते कि टंकी भर गई है और पानी काफी समय तक व्यर्थ बहता रहता है इसके लिए वाटर बेल लगवाए जो बाजार में 150 रुपये तक में मिल जाती है। पानी भरने पर बेल आवाज करने लगेगी जिससे व्यर्थ पानी नही बहेगा। आइए आज विश्व भूगर्भ जल संरक्षण दिवस पर संकल्प लेते हैं कि न व्यर्थ जल बहाएंगे न बहाने देंगे व भूगर्भ जल को संरक्षित करेंगें। इस अवसर पर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी एनजीओ प्रकोष्ठ प्रमुख सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, मेडिकल प्रकोष्ठ सहसंयोजक केके सिंह, आजीवन सदस्य अभिनव श्रीवास्तव, रजत श्रीवास्तव, प्रेमचंद्र मौर्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *