जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून तक रहेगा अवकाश
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून तक रहेगा अवकाश
प्लेसमेंट शिविर व कार्यशाला 26 से
फतेहपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि आगामी 26 मई को विकास खंड देवमई परिसर, 27 मई को विकास खंड खजुहा परिसर, 28 मई को विकास खंड मलवां परिसर एवं 31 मई को विकास खंड भिटौरा परिसर में प्रातः 11 बजे सें प्लेसमेन्ट शिविर व कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा।
प्लेसमेन्ट शिविर में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कराना है। प्लेसमेन्ट शिविर में जीडी एक्स सिक्योरिटी नोएडा द्वारा सुरक्षा जवान हेतु हाईस्कूल उर्तीण, 19 से 45 वर्ष के पुरूष जिनकी न्यूनतम लम्बाई 168 सेमी न्यूनतम वजन 52 किग्रा एवं सुरक्षा सुपरवाईजर हेतु स्नातक उर्तीण, कम्प्यूटर का ज्ञान, 21 से 45 वर्ष के पुरूष जिनकी न्यूनतम लम्बाई 170 सेमी वजन 52 किग्रा, शारीरिक दक्षता उर्तीण अभ्यर्थियों का वेतनमान रू.15000 से 20000 प्रतिमाह वेतन के लिये चयन सम्बन्धी कार्यवाही की जायेगी। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी कार्यालय दूरभाष संख्या 05180-298602 पर प्राप्त कर सकते है।
———————————————————————————- जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून तक रहेगा अवकाश
फतेहपुर। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में जनपद के समस्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण बन्द हो गये हैं। ऑगनवाड़ी केन्द्र में जहाँ छोटे-छोटे बच्चों को ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभागीय सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए तमाम गतिविधियों कराई जाती है। वर्तमान में भीषण गर्मी एवं लू के कारण ऑगनवाड़ी केन्द्रों पर गर्मी एवं लू से बचाव के कोई साधन उपलब्ध न होने के कारण, ऑगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले बच्चे गर्मी एवं लू से प्रभावित होना स्वभाविक है। इसलिए प्रचण्ड गर्मी एवं लू के प्रकोप से बच्चों के बचाव हेतु समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले बच्चों के बचाव हेतु जिलाधिकारी के अनुमोदन पर जनपद के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों में 15 जून तक पठन-पाठन हेतु बच्चों का अवकाश घोषित किया जाता है। घोषित अवकाश में सभी ऑगनवाड़ी केन्द्र खुले रहेंगे तथा ऑगनवाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाओं द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र की अन्य आवश्यक सुविधाएं जैसे गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधियों, टीकाकरण, अनुपूरक पुष्टाहार वितरण एवं पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग आदि शासकीय कार्यों का निष्पादन किया जायेगा। मुख्य सेविकाओं द्वारा नियमित रूप से अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पर्यवेक्षण का कार्य करतें हुए अभिलेखो की जांच, ड्राई राशन के लाभार्थियों का सत्यापन व केन्द्र पर पायी गयी अन्य कमियों को अपने समक्ष सही कराया जायेगा। इसलिए जिलाधिकारी के आदेश का कड़ाई से अनुपालन करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही को गम्भीरता से लेते हुए सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। यह आदेश तत्काल प्रभावी होगा।
———————————————————————————– बाइक की टक्कर से साइकिल सवार किशोर घायल
फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बे के समीप बाइक की टक्कर से साइकिल सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था मे उसको इलाज के लिए नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अमौली कस्बा निवासी रामू का 12 वर्षीय पुत्र कृष्णा घर से साइकिल पर सवार होकर किसी काम के लिए निकला था। तभी उसको कस्बे के समीप बाइक सवार ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दिया। जिससे कृष्णा रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए अमौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने किशोर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी 108 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार व पायलट रोहित के साथ कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
———————————————————————————- गंगा में नहाते समय चचेरे भाई डूबे, मौत
– छह घंटे कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निकाले शव
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मातिनपुर अपने पैतृक गांव आए चचेरे भाई गंगा नदी में नहाते समय डूब गए। लगभग छह घण्टे बाद गोताखोरों ने दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के थाना करारी निवासी सिद्दीक अहमद का 17 वर्षीय पुत्र मुदस्सिर व हबीब का 16 वर्षीय पुत्र शहबाज दो दिन पूर्व अपने पैतृक गांव मातिनपुर आए थे। बताते हैं कि गुरूवार की दोपहर दोनों भाई गंगा नदी में नहाने चले गए। नहाते समय गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। तभी किसी ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दे दी। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को शव निकालने के लिए लगाया। लगभग छह घण्टे कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शवों को बाहर निकाला। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत बताया जा रहा है कि दोनों भाई परिवार में हुए दावत-ए-वलीमा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
———————————————————————————– बहन के घर से लौटते समय युवक की संदिग्ध मौत
फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बरैचा अपनी बहन के घर से वापस लौटते समय 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी गांव निवासी घसीटे का पुत्र हीरा 20 मई को थाना क्षेत्र के मातादेवी अहमदगंज तिहार में बकरे की बली दी गई थी। जिसमें वह अपने परिवार सहित शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि उसके कुछ बर्तन बहन सुमन अपने साथ घर ले गई थी। बाइस मई को वह अपनी बहन के घर गया और खाना खाने के बाद जब वह घर लौटने लगा तभी अचानक उसकी तबियत बिगड़ने लगी। घर आते-आते वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जिसे परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चाचा पिन्टू ने शक जाहिर करते हुए बताया कि हो सकता है कि उसके भतीजे को किसी ने कुछ खिला दिया है जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आएगी।
———————————————————————————- ट्रेन से कटकर वृद्ध की मौत
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के समीप गुरूवार की शाम रेलवे लाइन पार करते समय 60 वर्षीय वृद्ध ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज निवासी स्व0 वंशगोपाल का पुत्र जगजीत प्रसाद गुरूवार की शाम बाजार से वापस आ रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर के समीप रेलवे लाइन पार करने लगा इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————————————————————– घायल अधेड़ की उपचार दौरान मौत
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम तेलियानी में दो दिन पूर्व आंधी-तूफान के दौरान छत से गिरकर घायल हुए 55 वर्षीय अधेड़ की उपचार के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।
बताते चलें कि तेलियानी निवासी केवला सिंह का पुत्र बृजेन्द्र सिंह बुधवार/गुरूवार की रात तेज आंधी तूफान के कारण छह से उठकर नीचे आने लगा तभी हवा के तेज झोंके में नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे परिजनों ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————————————————————— दबंगों की पिटाई से घायल अधेड़ की मौत
फतेहपुर। तीन दिन पूर्व पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही आधा दर्जन लोगों की पिटाई से घायल हुए अधेड़ की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताते चलंे कि खागा कोतवाली क्षेत्र के तिलकापुर गांव निवासी स्व0 बच्चन का पुत्र सौखीलाल को बीस मई की दोपहर गांव के ही राधे पासवान, नीरज, सूरज उर्फ ननका पुत्रगण राधे पासवान, सुनील, अनिल पुत्रगण छुट्टन ने पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डण्डा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया था। परिजन उसे लेकर हरदों पहुंचे जहां हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। जिसकी गुरूवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने खागा कोतवाली में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
———————————————————————————- मां ने दो मासूमों संग कुएं में लगाई छलांग, बच्चों की मौत
– मां का हरदों अस्पताल में चल रहा इलाज
फतेहपुर। असोथर विकास खंड स्थित जरौली गांव के राजाराम का डेरा गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना का गवाह बना। जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। घरेलू कलह और भावनात्मक अस्थिरता के चलते एक मां ने अपने गोद के दो नन्हें बच्चों को लेकर कुएं में छलांग लगा दी। इस हृदय विदारक घटना में दोनों मासूमों की डूबकर मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से मां की जान बचाई जा सकी। जिसका इलाज हरदों अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार राजाराम का डेरा गांव निवासी धीरेंद्र पाल की पत्नी रेनू का गुरुवार की रात किसी बात को लेकर पति और सास से विवाद हो गया। आक्रोश में आकर मानसिक रूप से व्यथित रेनू ने अपने ढाई साल के बेटे प्रशांत व पांच साल के कृष्ण पाल को गोद में उठाया और गांव के पास स्थित कुएं में कूद गई। रेनू के चीखने और बच्चों की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत कुएं में रस्सी डाली और खुद नीचे उतर गए। काफी मशक्कत के बाद रेनू को जिंदा बाहर निकाल लिया गया लेकिन बच्चों को नहीं बचाया जा सका। गांव की महिलाएं मासूमों के शव देखकर फूट-फूटकर रोती रहीं। मां के चेहरे पर भी बच्चों को खोने का गम साफ झलक रहा था, जिसने हर दिल को झकझोर दिया।
रेनू को इलाज के लिए हरदों अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। रेनू का मायका हरनवां गांव में है। छह साल पहले उसकी शादी धीरेंद्र से हुई थी जो पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं। इस त्रासदी ने पूरे गांव को शोक की चादर में लपेट लिया है।