वनकर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ कछुआ तस्कर, लघु खबरों के साथ

      वनकर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ कछुआ तस्कर
विभागीय लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
फोटो परिचय-   फरार कछुआ तस्कर।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर—  जिले में कछुआ तस्करी के बड़े मामले में वन विभाग की भारी लापरवाही सामने आई। रेलवे स्टेशन पर 148 जीवित कछुओं के साथ पकड़े गए दो तस्करों में से एक मुख्य अभियुक्त वन कर्मियों की हिरासत से फरार हो गया। यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई, जब आरपीएफ और जीआरपी द्वारा पकड़े गए आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द किया गया था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्कर उमेश कंजड़ निवासी महेसुवा थाना हनुमानगंज जिला सुल्तानपुर को वन विभाग की टीम अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने टीम को चकमा दिया और मौके से फरार हो गया। फरारी की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले आरपीएफ और जीआरपी ने फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान करीब 40 लाख रुपये कीमत के 148 कछुए बरामद किए थे। जिन्हें पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। दोनों तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर वन विभाग के हवाले किया गया था लेकिन विभागीय ढिलाई के चलते मुख्य अभियुक्त फरार होने में सफल हो गया। मामले पर डीएफओ जेडी मिश्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और वन विभाग की ओर से पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएफओ ने यह भी स्वीकार किया कि प्रारंभिक जांच में एक वनकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होने यह भी बताया कि गिरफ्तारी की सूचना पर फरार तस्कर के परिजन यहां आ गए हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
————————————- 
 आज आएंगे डिप्टी सीएम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निजी सचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार डिप्टी सीएम कल (आज) जनपद दौरे पर आएंगे। हेलीकाप्टर के जरिए 12.35 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेगे। तत्पश्चात 12.45 बजे कार द्वारा वीआईपी रोड स्थित होटल रामाडियन पहुंचेंगे। जहां केन्द्रीय बजट पर पत्रकारों से बातचीत करेंगे। इसके पश्चात डाक बंगले में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करके स्थलीय निरीक्षण व स्थानीय योजना के अनुसार अन्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद कार द्वारा भाजपा कार्यालय पहुंचेगे। जहां पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव भी भाग लेंगे। कार द्वारा 2.25 पर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेगे और लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
———————————- 
 युवती ने खाया जहर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम चकमुगल में बुधवार की सुबह परिवारिक कलह से तंग आकर 28 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार चक मुगल गांव निवासी मो0 अख्तर उर्फ गुड्डू की पत्नी रेहाना बानो ने बुधवार की सुबह परिवारिक कलह से तंग आकर जहर खा लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजनों ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है। घटना की जानकारी जिला अस्पताल में इलाज करा रहे रहे भाई साजिद अली ने बताया है।
——————————– 
ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के समीप एनएच 2 में हाइवे किनारे खडे़ ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार प्रतापगढ जनपद के थाना पट्टी गांव नन्दईपुर गांव निवासी स्व0 रामकुमार का पुत्र दिनेश सिंह ट्रक चालक था। बताते है कि बनारस से भाड़ा छोड़कर अपने गांव गया। रात को ही घर से ट्रक लेकर निकल गया। हसवा के समीप एनएच 2 में स्थित ढाबा के सामने ट्रक को खडा कर ढाबा मालिक से सुबह उठाने की बात कर ट्रक में सो गया। सुबह चालक मृत अवस्था में मिला। तभी सूचना पार मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पाेट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा। घटना की जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक का चचेरा भाई कंचन सिंह ने दी है।
——————————— 
सड़क हादसे में दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत हुए सड़क हादसों के दौरान दो लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के कुशुम्भी गांव निवासी रामकृपाल का 35 वर्षीय पुत्र सुनील बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह सदर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगले के समीप पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसी प्रकार हथगाम थाना क्षेत्र के नगरा गांव निवासी रामकुमार का 40 वर्षीय पुत्र महेश बाइक से गेहू पिसवाने जा रहा था। तभी गांव के बाहर कुत्ते से टकराकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *