परिवार परामर्श केन्द्र में दो परिवारों को बिखरने से बचाया
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस लाइन स्थित महिला सहायता प्रकोष्ठ व परिवार परामर्श केंद्र में शुक्रवार को दो दंपत्तियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैचारिक मतभेद और आपसी मनमुटाव को भुलाकर दोनों जोड़े फिर से एक साथ रहने के लिए राजी हो गए। दोनों मामलों में सफल मध्यस्थता और काउंसलिंग की गई।

परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह व काउंसलर सदस्य कविता रस्तोगी ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों को समझाते हुए आपसी समझौता कराया। इस दौरान महिला आरक्षी यशस्वी शर्मा ने सहयोग प्रदान किया। पहले प्रकरण में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक कलह था, वहीं दूसरे प्रकरण में भी छोटी-छोटी बातों को लेकर गृहस्थी उजड़ने की नौबत आ गई थी। दोनों ही मामलों में काउंसलिंग के बाद दंपत्तियों ने एक-दूसरे की भावनाओं को समझा और फिर से साथ निभाने का फैसला किया। समझौता होने पर दोनों पक्षों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित यह परिवार परामर्श केंद्र जिले में पारिवारिक विवादों को सुलझाने में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। अब तक सैकड़ों टूटते परिवारों को इस केंद्र ने फिर से जोड़ा है।

