ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम व सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम व सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
देवलान प्रधान पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप
– ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम व सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
फोटो परिचय- ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट में खड़े ग्रामीण। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर विकास खंड की ग्राम पंचायत देवलान में विकास कार्यों के नाम पर हुए कथित कागजी खेल और वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के द्वार तक पहुंच गया है। शुक्रवार को बृजेश नारायण की अगुवाई में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर प्रधान व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
शिकायतकर्ता बृजेश नारायण ने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच इंटरलॉकिंग और सड़क निर्माण में भारी धांधली की गई है। मुख्य आरोप है कि ग्राम प्रधान के पुत्र रेहान खान के निजी बैंक खाते में मजदूरी और अन्य मदों की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई है। इसके साथ ही, अधिकांश भुगतान एक ही चहेती फर्म को किया गया, जो हितों के टकराव और भ्रष्टाचार की ओर स्पष्ट इशारा करता है। ग्रामीणों का दावा है कि कई सड़कें जो पूर्व प्रधान द्वारा बनवाई गई थीं, वर्तमान कार्यकाल में उन्हीं पर दोबारा निर्माण दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया। धरातल पर घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ है और कई कार्य केवल सरकारी फाइलों में ही पूर्ण हैं। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग किया कि किसी बाहरी स्वतंत्र अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। ग्रामीणों की अनुपस्थिति में किए गए किसी भी निरीक्षण को अमान्य किया जाए। बैंक लेन-देन का फॉरेंसिक ऑडिट कर दोषियों पर कठोर विधिक कार्रवाई हो। इस मौके पर धरम सिंह, गंगासागर यादव, देवनारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।