विकसित भारत युवा संसद 2026’ में गूंजा लोकतंत्र का स्वर

     विकसित भारत युवा संसद 2026’ में गूंजा लोकतंत्र का स्वर
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में Mera Yuva Bharat (माई भारत) एवं National Service Scheme के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ के अंतर्गत जनपद स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन Dayanand Vaidik College के महाराजा छत्रसाल सभागार में संपन्न हुआ।
जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली और तार्किक ढंग से प्रस्तुत किए। सभागार में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और युवा सहभागिता पर गहन विमर्श हुआ।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी मजबूती में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बौद्धिक मंच युवाओं के भीतर तार्किक सोच, संवैधानिक समझ और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश चंद्र पाण्डेय ने युवा संसद की अवधारणा, आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा उससे मिले लोकतांत्रिक सबकों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया। प्रतिनिधि शिक्षक एमएलसी मयंक त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने संवैधानिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती जैसे विषयों पर सारगर्भित तर्क प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में डॉ. नीलम मुकेश, डॉ. अमिता सिंह, डॉ. देवेंद्र नाथ, रोहित विनायक एवं मयंक त्रिपाठी ने प्रतिभागियों के वक्तव्यों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप अंकित कुमार ने प्रथम, तस्कीन फातिमा ने द्वितीय, प्राची सिंह ने तृतीय, पलक जादौन ने चतुर्थ तथा शैलजा राज ने पंचम स्थान प्राप्त किया।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. शीलू सेंगर द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी भूपेंद्र कुमार सिंह, जिला युवा अधिकारी (माई भारत) रविदास, आईक्यूएसी संयोजिका प्रो. अलका रानी पुरवार, मुख्य समारोह अधिकारी डॉ. माधुरी रावत सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारीगण, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ ने युवाओं को लोकतांत्रिक परंपराओं से जोड़ते हुए जनपद में विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति का मंच प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *