नवरात्रि पर चौकीदारों को मिला सम्मान, सुरक्षा सुदृढ़ करने को संसाधन वितरित
नवरात्रि पर चौकीदारों को मिला सम्मान, सुरक्षा सुदृढ़ करने को संसाधन वितरित
नवरात्रि पर चौकीदारों को मिला सम्मान, सुरक्षा सुदृढ़ करने को संसाधन वितरित
डीएम-एसपी ने साइकिल, टॉर्च व साफा देकर बढ़ाया मनोबल, संवाद में सुनी समस्याएं
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस विभाग के चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च एवं साफा वितरित कर उनका सम्मान किया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने चौकीदारों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की प्रथम कड़ी हैं और उनकी सक्रियता से ही अपराधों की रोकथाम तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलती है।
संवाद कार्यक्रम में चौकीदारों ने अपने अनुभव साझा किए तथा अपनी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर से उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
पुलिस अधीक्षक ने भी चौकीदारों को सतर्कता और सक्रियता के साथ अपने क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान कई चौकीदार भावुक नजर आए और उन्होंने प्रशासन द्वारा दिए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाता है और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक जिम्मेदार बनाता है।
अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि चौकीदारों की सक्रिय भागीदारी से जनपद के गांवों में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण और मजबूत होगा।