शादी में चली गोली, वीडियो हुआ वायरल… पुलिस ने दबोचा आरोपी

   शादी में चली गोली, वीडियो हुआ वायरल… पुलिस ने दबोचा आरोपी

दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन– शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं जब डीजे की धुन पर एक युवक ने रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। मामला थाना सिरसाकलार क्षेत्र के ग्राम न्यामतपुर स्थित दृश्या गेस्ट हाउस का है, जहां 15 फरवरी 2026 को आयोजित विवाह समारोह में खुलेआम गोली चलाई गई।
घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। मीडिया में खबर प्रकाशित होते ही थाना सिरसाकलार पुलिस ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रभात रंजन उर्फ रवि पुत्र स्व. हरनारायण पाल, निवासी ग्राम अमगुवाँ, थाना कोतवाली उरई, को उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ पकड़ा गया है। इस संबंध में थाना सिरसाकलार में मु0अ0सं0 13/26 धारा 25(9)/30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि लाइसेंसी हथियार होने के बावजूद सार्वजनिक कार्यक्रम में फायरिंग करना कानूनन अपराध है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि शादी-ब्याह या किसी भी सार्वजनिक आयोजन में हर्ष फायरिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *