महिलाओं-बालिकाओं को दी जागरूकता, ढकौली में किया बहू-बेटी सम्मेलन

   मिशन शक्ति टीम ने ढकौली में किया बहू-बेटी सम्मेलन
महिलाओं-बालिकाओं को दी जागरूकता
फोटो परिचय- महिलाओं को जागरूक करतीं मिशन शक्ति टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन में थाना राधानगर की मिशन शक्ति टीम ने आज ग्राम ढकौली में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 65 से 70 महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को दहेज से जुड़े बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक करना था। टीम ने दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और समाज में इसे जड़ से खत्म करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान थाना राधानगर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की जानकारी दी गई। बताया गया कि यह केंद्र महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रकार की सहायता और सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही महिला सशक्तिकरण, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1091, 181, 112 आदि के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई। मिशन शक्ति टीम ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की महिला उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न या अन्य असुरक्षा की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। यह आयोजन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *