अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

       सुमेरपुर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुरकानपुर, सागर हाईवे पर सुमेरपुर के फैक्ट्री एरिया के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुमेरपुर कस्बे के वार्ड नंबर 12 निवासी बालकृष्ण उर्फ पुत्तन सिंह का 24 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह सोमवार रात करीब 8 बजे घर से पैदल निकला था। देर रात फैक्ट्री एरिया में हाईवे स्थित रिमझिम मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सत्यम को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि सत्यम सिंह दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पिता बालकृष्ण सिंह, मां पुष्पलता, बहन रुचि व विभा तथा भाई रेशू सिंह को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार मृतक के पिता बालकृष्ण सिंह सहकारी समिति मौदहा में सचिव पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *